
पिछले कुछ समय से बाबर आज़म अपने बुरे दौर से गुजर रहे हैं। बाबर आज़म का बल्ला इस समय एकदम शांत नजर आ रहा है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज़ का हाल यह है कि अब टीम से बाहर करने की भी चर्चा चल रही है। वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल ही में खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में बाबर आज़म बुरी तरह फ्लॉप रहे। हालांकि अब उनकी T20 टीम में जगह बनाने में भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
इस साल एशिया कप 2025 का बड़ा टूर्नामेंट भी खेला जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि बाबर आज़म पाकिस्तान की नेशनल T20 टीम से बाहर हो सकते हैं। असल में, पिछले कुछ सीरीज में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने T20 सीरीज के लिए बाबर आज़म और मोहम्मद रिज़वान दोनों को ही बाहर बिठाया है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि एशिया कप में भी बाबर आज़म टीम में शामिल नहीं रहेंगे। वहीं, इसी बीच पाकिस्तान के खिलाड़ी अहमद शहज़ाद ने बाबर आज़म के हालात के लिए जिम्मेदार विराट कोहली को ठहराया है।
जानिए क्या बोले अहमद शहज़ाद ?
दरअसल, अहमद शहज़ाद का मानना है कि विराट कोहली से बाबर आज़म की तुलना करने से आज़म का पतन हुआ है। उनके मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में फैंस ने बाबर आज़म को विराट कोहली से कंपेयर किया है। कई क्रिकेट के दिग्गजों ने भी स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली से बाबर आज़म की तुलना की, जिसके कारण उनकी यह हालत हुई। वहीं, अहमद शहज़ाद ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बाबर आज़म अपनी प्रतिभा के मुताबिक प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने 2023 के बाद से कोई शतक भी नहीं लगाया है। विराट कोहली से तुलना बाबर आज़म के पतन का कारण बनी है, जिससे उन पर दबाव और बढ़ गया।
विराट कोहली की जमकर तारीफ़ की
हालांकि, इस दौरान अहमद शहज़ाद ने विराट कोहली की तारीफ की। उन्होंने कहा कि आप विराट कोहली की तुलना एमएस धोनी से भी नहीं कर सकते। धोनी भले ही एक महान कप्तान थे, लेकिन बात बल्लेबाज़ी की हो और एक क्रिकेटर व एथलीट की हो, तो ऐसे में विराट कोहली बेजोड़ हैं। उनकी तुलना किसी से भी नहीं की जा सकती क्योंकि यह अनावश्यक है और इससे खिलाड़ी पर अतिरिक्त दबाव बढ़ता है। इसका साफ तौर पर असर बाबर आज़म पर भी देखा जा सकता है। दरअसल, बाबर आज़म पर पिछले कुछ समय से दबाव देखने को मिल रहा है। पहले चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट में बाबर आज़म का बल्ला बुरी तरह फ्लॉप रहा, उसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई सीरीज में भी बाबर आज़म को टीम से बाहर किया गया। वहीं, वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए T20 सीरीज में भी उन्हें मौका नहीं दिया गया। हालांकि, उन्हें वनडे सीरीज में मौका मिला, लेकिन तीन मैचों में उन्होंने मात्र 54 रन बनाए।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

