
भारत ने एशिया कप 2025 के फाइनल में जगह बना ली है। 9वीं बार भारतीय हॉकी टीम ने यह कारनामा किया है। अब रविवार को भारतीय टीम का सामना खिताबी मुकाबले में पांच बार की चैंपियन साउथ कोरिया से होगा। इस मैच पर सभी भारतीय फैंस की निगाहें टिकी हैं। दरअसल, शनिवार को खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने चीन को 7-0 से हरा दिया। यह मुकाबला सुपर 4 का था, जिसके चलते भारत ने इसमें जीत दर्ज करने के बाद फाइनल में जगह बना ली।
भारत की ओर से सबसे शानदार प्रदर्शन अभिषेक ने किया। अभिषेक ने दो गोल दागे। अभिषेक के अलावा मनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लकड़ा, सुखजीत सिंह और राजकुमार पाल ने भी टीम के लिए महत्वपूर्ण एक-एक गोल किए।
हाफ टाइम तक ही जीत दिखाई दे रही थी
दरअसल, हाफ टाइम तक ही भारतीय टीम ने चीन पर मजबूत पकड़ बना ली थी। हाफ टाइम तक भारतीय टीम ने 3-0 की बढ़त हासिल कर ली थी, जबकि आखिरी हाफ में टीम की ओर से चार गोल और दागे गए और लीड 7-0 पर पहुंचा दी गई। अब भारतीय टीम रविवार को इसी तरह का प्रदर्शन कर एशिया कप में एक और जीत हासिल कर एशिया कप 2025 जीतने की उम्मीद लेकर मैदान पर उतरेगी। अगर भारतीय टीम फाइनल मुकाबला जीत जाती है, तो भारत चौथी बार एशिया कप जीतने वाला देश बन जाएगा। हालांकि यह सफर इतना आसान नहीं होने वाला है क्योंकि सामने पांच बार की चैंपियन साउथ कोरिया रहेगी।
साउथ कोरिया ने भी फाइनल में जगह बनाई
दरअसल, शनिवार को सुपर 4 के एक और मुकाबले पर सभी की निगाहें टिकी हुई थीं। सुपर 4 में साउथ कोरिया और मलेशिया के बीच मुकाबला खेला जा रहा था। साउथ कोरिया ने 4-3 से मलेशिया को हराकर फाइनल में जगह बना ली। वहीं, सुपर 4 में मलेशिया और चीन का सफर खत्म हो गया। दोनों दो-दो मैच हारकर बाहर हो गईं। हालांकि भारत अब तक इस टूर्नामेंट में अजेय रहा है, जबकि साउथ कोरिया दो मैच हार चुकी है। अब भारतीय टीम और साउथ कोरिया के बीच शानदार मुकाबला देखने को मिल सकता है। भारत और कोरिया के बीच सुपर 4 में भी मुकाबला खेला गया था, जो कि 2-2 से ड्रॉ रहा था।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

