
एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम का ऐलान जल्द ही किया जाएगा। इस टीम में टेस्ट के कप्तान शुभमन गिल का नाम शामिल हो सकता है। लेकिन अगर शुभमन गिल शामिल होते हैं तो एक बड़े खिलाड़ी को बाहर जाना पड़ सकता है। इस खिलाड़ी ने T20 में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया है और तेज गति से रन बनाए हैं। अब टीम चयन में इन दोनों खिलाड़ियों के बीच बड़ी जंग देखने को मिल सकती है।
दरअसल, शुभमन गिल ने हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर ताबड़तोड़ प्रदर्शन किया। उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए, लेकिन T20 में उनका प्रदर्शन कैसा होगा? इस पर अभी भी सवाल बना हुआ है। हालांकि आईपीएल 2025 में शुभमन गिल का बल्ला जमकर बोला। वह ऑरेंज कैप की रेस में प्रबल दावेदार रहे, लेकिन क्या उन्हें भारत की इंटरनेशनल T20 टीम में जगह मिलेगी?
शुभमन गिल के आने से रिंकू सिंह होंगे बाहर?
अगर शुभमन गिल को टीम में शामिल किया जाता है तो रिंकू सिंह को बाहर करना पड़ सकता है। हालांकि, रिंकू का बैटिंग ऑर्डर गिल से काफी नीचे है, लेकिन T20 में अभिषेक शर्मा और केएल राहुल ओपनिंग करते हुए दिखाई दे सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो रिंकू सिंह और शुभमन गिल के बीच जंग देखने को मिल सकती है। रिंकू सिंह ने आईपीएल 2024 और 2025 में शानदार प्रदर्शन किया, हालांकि दोनों ही सीजन में उन्होंने कम गेंदों का सामना किया। आईपीएल 2024 में रिंकू सिंह ने मात्र 113 गेंदें खेलीं, जबकि आईपीएल 2025 में उन्हें केवल 134 गेंदों का सामना करने का मौका मिला, लेकिन उन्होंने कम गेंदों में ही अच्छा प्रदर्शन किया। उन्हें भारतीय टीम में भी मौके मिले हैं और उन्होंने इन मौकों का बखूबी इस्तेमाल किया है। ऐसे में एशिया कप 2025 में रिंकू सिंह टीम में शामिल होंगे या नहीं, यह सवाल बना हुआ है।
ये खिलाड़ी हो सकते हैं टीम में शामिल
रिंकू सिंह को टीम में शामिल करने का खास कारण यह है कि वह तेज गति से रन बना सकते हैं, जबकि शुभमन गिल क्रीज पर टिककर बल्लेबाजी करते हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प रहेगा कि बीसीसीआई दोनों खिलाड़ियों में से किसे चुनती है। T20 टीम में शिवम दुबे, अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर भी फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे में क्या रिंकू सिंह को टीम से बाहर किया जाएगा और इन खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा? टीम पर नजर डाली जाए तो अभिषेक शर्मा, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ी टॉप ऑर्डर में दिखाई दे सकते हैं, जबकि फिनिशर के तौर पर हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। अब देखना होगा कि शुभमन गिल और रिंकू सिंह में से कौन टीम में जगह बना पाता है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

