आईसीसी की बैठक में एशिया कप 2025 ट्रॉफी विवाद पर क्या हुआ? क्या भारत को जल्द ही सौंपी जाएगी ट्रॉफी? जानिए

शुक्रवार को दुबई में आईसीसी की बैठक आयोजित की गई थी। इस दौरान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा एशिया कप 2025 ट्रॉफी का मुद्दा भी उठाया गया। हालांकि आईसीसी की ओर से यह कहा गया है कि भारत और पाकिस्तान दोनों ही क्रिकेट के लिए जरूरी हैं, ऐसे में दोनों देशों को आपस में इस मुद्दे को सुलझाना चाहिए।
एशिया कप 2025 ट्रॉफी विवाद

एशिया कप 2025 का खिताब भारतीय टीम ने अपने नाम किया था। फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को हराकर यह ट्रॉफी अपने नाम की थी, लेकिन इसके बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। दरअसल, पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। फाइनल मुकाबला जीतने के बाद भारतीय टीम ने यह फैसला किया कि वह ट्रॉफी एसीसी के मोहसिन नकवी से कलेक्ट नहीं करेगी, जबकि मोहसिन नकवी खुद ट्रॉफी देने पर अड़े थे। मैच प्रेजेंटेशन में काफी देर तक यह ड्रामा देखा गया और अंत में नकवी ट्रॉफी अपने साथ लेकर ही चले गए। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने नकवी को कई बार समझाया कि ट्रॉफी जल्द भारतीय टीम को सौंप दी जानी चाहिए, लेकिन नकवी ने ऐसा नहीं किया और जवाब में कहा कि भारतीय टीम और बीसीसीआई को खुद एसीसी के ऑफिस से ट्रॉफी कलेक्ट करनी होगी।

लेकिन इसी बीच यह जानकारी भी सामने आई थी कि मोहसिन नकवी ने एसीसी के टॉप ऑफिस से एशिया कप 2025 की ट्रॉफी को कहीं और शिफ्ट कर दिया, जिसके चलते विवाद और बढ़ गया। भारत की क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से एक ईमेल के जरिए भी मोहसिन नकवी को ट्रॉफी लौटाने की बात कही गई, लेकिन विवाद वहीं बना रहा।

जानिए आईसीसी ने क्या कहा?

वहीं बीते दिन शुक्रवार को आईसीसी की बैठक में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने एशिया कप 2025 ट्रॉफी वाले विवाद को उठाया। आईसीसी बोर्ड के सभी सदस्यों का कहना है कि भारत और पाकिस्तान विश्व क्रिकेट के लिए बेहद अहम किरदार हैं और दोनों ही देशों को आपसी सहमति से इस समस्या को सुलझाना चाहिए। आईसीसी की बैठक में आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप के विस्तार और ओलंपिक जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई, लेकिन सबसे बड़ा मुद्दा एशिया कप 2025 की ट्रॉफी रहा। लंबे समय से इस बैठक का इंतजार किया जा रहा था और माना जा रहा था कि इस बैठक के दौरान इस ट्रॉफी विवाद को सुलझाया जा सकता है, हालांकि अब तक ऐसा होता नजर नहीं आ रहा है।

स्पेशल कमेटी ही इस मुद्दे को सुलझाएगी

जानकारी के मुताबिक बीसीसीआई की ओर से इस मुद्दे को आईसीसी की बैठक में औपचारिक रूप से उठाया गया था। इसके लिए आईसीसी की ओर से एक कमेटी का गठन किया गया है। यह स्पेशल कमेटी ही इस मुद्दे को सुलझाएगी, ताकि एशिया कप की ट्रॉफी जल्द ही भारत को सौंप दी जा सके। हालांकि आईसीसी के आधिकारिक एजेंडा में यह शामिल नहीं था, जिसके चलते इस पर कोई आधिकारिक मिनट्स रिकॉर्ड नहीं किए गए।

इस दौरान आईसीसी की सब-मीटिंग में एक बड़ा फैसला लिया गया। बता दें कि आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 की सफलता के बाद अब आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2029 में 10 टीमें खेलेंगी। पहले यह संख्या आठ हुआ करती थी, लेकिन अब दो टीमों को अतिरिक्त जोड़ा जा रहा है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews