बाबर आजम के पास मोहम्मद यूसुफ का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका, बनाने होंगे सिर्फ इतने रन

पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का फैसला अब तीसरे और आखिरी मुकाबले में होगा। इस निर्णायक मैच में सभी की नजरें पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम पर होंगी।
Babar Azam

पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का फैसला अब तीसरे और आखिरी मुकाबले में होगा। दोनों टीमों के बीच सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। आखिरी मैच 12 अगस्त को त्रिनिदाद में खेला जाएगा। जो भी टीम यह मुकाबला जीतेगी, वह सीरीज अपने नाम कर लेगी। इस निर्णायक मैच में सभी की नजरें पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम पर होंगी, जिन्हें न सिर्फ टीम को जीत दिलानी है, बल्कि एक खास रिकॉर्ड भी तोड़ना है।

बाबर आजम के पास बड़ा मौका

बाबर आजम अब तक वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे क्रिकेट में 12 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 764 रन बनाए हैं। इसमें पांच शतक और एक अर्धशतक शामिल है। पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में कुल 778 रन बनाए थे। ऐसे में बाबर अगर तीसरे वनडे में सिर्फ 15 रन और बना लेते हैं, तो वह वेस्टइंडीज के खिलाफ पाकिस्तान की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे और मोहम्मद यूसुफ को पीछे छोड़ देंगे।

सीरीज की बात करें तो पाकिस्तान ने पहला वनडे 5 विकेट से जीतकर 1-0 की बढ़त हासिल की थी। लेकिन वेस्टइंडीज ने दूसरे वनडे में शानदार वापसी करते हुए 5 विकेट से जीत दर्ज की और सीरीज को बराबरी पर ला दिया। तीसरा वनडे अब दोनों टीमों के लिए ‘करो या मरो’ जैसा है। पाकिस्तान के लिए बाबर आजम का फॉर्म अहम रहेगा, क्योंकि उनकी बल्लेबाजी टीम के लिए बड़ी मजबूती का काम करती है।

हालांकि, बाबर का हालिया प्रदर्शन कुछ चिंता का विषय है। पहले वनडे में उन्होंने 47 रन बनाए थे, लेकिन दूसरे मुकाबले में वह खाता भी नहीं खोल पाए। जेडन सील्स की गेंद पर वह बिना रन बनाए आउट हो गए थे। अब सभी की उम्मीद है कि निर्णायक मुकाबले में बाबर बड़ी पारी खेलकर टीम को जीत दिलाएंगे और नया रिकॉर्ड अपने नाम करेंगे।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews