बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने की नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की घोषणा, 2 बड़े खिलाड़ियों का हुआ डिमोशन, देखें पूरी लिस्ट और सैलरी

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपने नए केंद्रीय अनुबंधों का ऐलान कर दिया है, जिसमें कुल 28 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इस बार बोर्ड ने बड़े फैसले लेते हुए सीनियर खिलाड़ी तस्कीन अहमद और मुशफिकुर रहीम को डिमोट किया है, जबकि किसी भी खिलाड़ी को टॉप 'ए+' कैटेगरी में नहीं रखा गया है।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने की नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की घोषणा, 2 बड़े खिलाड़ियों का हुआ डिमोशन, देखें पूरी लिस्ट और सैलरी

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपने पुरुष क्रिकेटरों के लिए वार्षिक सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की नई सूची जारी कर दी है। इस बार कुल 28 खिलाड़ियों को चार अलग-अलग श्रेणियों में अनुबंध दिया गया है, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि किसी भी खिलाड़ी को शीर्ष ‘ए+’ ग्रेड में जगह नहीं मिली है। बोर्ड के इस फैसले में कुछ सीनियर खिलाड़ियों को झटका भी लगा है।

अनुभवी तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद और विकेटकीपर-बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम को उनके पिछले ग्रेड से डिमोट कर दिया गया है। वहीं, टेस्ट टीम के सलामी बल्लेबाज महमूदुल हसन जॉय इस लिस्ट से पूरी तरह बाहर हो गए हैं।

बड़े चेहरों का डिमोशन, शांतो को मिली कमान

इस साल के कॉन्ट्रैक्ट में सबसे बड़ा बदलाव सीनियर खिलाड़ियों की कैटेगरी में हुआ है। तस्कीन अहमद, जो पहले ‘ए+’ कैटेगरी का हिस्सा थे, उन्हें अब ‘ए’ कैटेगरी में डाल दिया गया है। इसी तरह, पूर्व कप्तान मुशफिकुर रहीम को ‘ए’ ग्रेड से डिमोट करके ‘बी’ ग्रेड में शामिल किया गया है।

नई सूची के अनुसार, ‘ए’ ग्रेड में अब नजमुल हुसैन शांतो, मेहदी हसन मिराज, लिटन कुमार दास और तस्कीन अहमद शामिल हैं। यह बदलाव टीम में नेतृत्व और प्रदर्शन के नए समीकरणों की ओर इशारा करता है।

चार कैटेगरी में बांटे गए खिलाड़ी

बीसीबी ने खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन और फॉर्मेट के आधार पर चार ग्रेड- A, B, C और D में बांटा है।

  • ग्रेड A: नजमुल हुसैन शांतो, मेहदी हसन मिराज, लिटन दास और तस्कीन अहमद।
  • ग्रेड B: इस कैटेगरी में 11 खिलाड़ी हैं, जिनमें मुशफिकुर रहीम, मोमिनुल हक, ताइजुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान, तौहीद हृदोय, शादमान इस्लाम, तंजीद हसन, रिशाद हुसैन, महेदी हसन, हसन महमूद और नाहिद राणा शामिल हैं।
  • ग्रेड C: इसमें सौम्या सरकार, जैकर अली, शोरीफुल इस्लाम, तंजीम हसन, नसुम अहमद और खालिद अहमद को जगह मिली है।
  • ग्रेड D: इस आखिरी ग्रेड में सैफ हसन, परवेज हुसैन इमोन, तनवीर इस्लाम, नईम हसन, हसन मुराद, शमीम हुसैन और नूरुल हसन को रखा गया है।

किस ग्रेड के खिलाड़ी को मिलेगी कितनी सैलरी?

सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल खिलाड़ियों को ग्रेड के अनुसार मासिक सैलरी दी जाएगी। ‘ए’ कैटेगरी के खिलाड़ियों को हर महीने 8 लाख बांग्लादेशी टका (लगभग 6 लाख भारतीय रुपये) मिलेंगे। वहीं ‘बी’ ग्रेड के खिलाड़ियों को 6 लाख टका (करीब 4.5 लाख रुपये) प्रतिमाह दिए जाएंगे।

इसी तरह, ‘सी’ ग्रेड में शामिल खिलाड़ियों की मासिक सैलरी 4 लाख टका (लगभग 2.9 लाख रुपये) होगी, जबकि ‘डी’ ग्रेड के खिलाड़ियों को 2 लाख बांग्लादेशी टका (लगभग 1.5 लाख रुपये) प्रतिमाह मिलेंगे।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews