
14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट के बड़े-बड़े दिग्गजों को हैरान कर दिया। वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज शतक बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इसके अलावा उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ भी शानदार प्रदर्शन किया। साल 2025 वैभव सूर्यवंशी के लिए सुनहरा अवसर लेकर आया, जिसमें उन्होंने क्रिकेट में कई बड़ी कामयाबियां हासिल कीं।
वैभव सूर्यवंशी के टैलेंट की तारीफ बड़े-बड़े दिग्गज कर रहे हैं। इसे देखते हुए अब बीसीसीआई ने इस खिलाड़ी के लिए स्पेशल ट्रेनिंग सेशन शुरू किया है। बता दें कि वैभव सूर्यवंशी ने भारत की अंडर-19 टीम से खेलते हुए भी शानदार प्रदर्शन किया है।
वैभव सूर्यवंशी की स्पेशल ट्रेनिंग शुरू
इंग्लैंड के दौरे के खत्म होते ही अब वैभव सूर्यवंशी की स्पेशल ट्रेनिंग शुरू कर दी गई है। दरअसल, उन्हें 10 अगस्त को सीधे बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट अकादमी भेज दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वैभव सूर्यवंशी खास ट्रेनिंग प्रोग्राम से गुजरने वाले हैं, जिसमें तकनीक के साथ-साथ मैच की विशेष परिस्थितियों पर भी काम किया जाएगा। इसे लेकर वैभव सूर्यवंशी के बचपन के कोच ने जानकारी दी कि बीसीसीआई वैभव सूर्यवंशी को उन सीनियर खिलाड़ियों की जगह भरने के लिए तैयार कर रहा है, जो संन्यास ले रहे हैं।
इन खिलाड़ियों की कमी को करना है पूरा
दरअसल, बीसीसीआई विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ियों की जगह भरने के लिए इन युवा खिलाड़ियों की तैयारी सही तरीके से करवा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वैभव सूर्यवंशी का हर ट्रेनिंग सेशन एक हफ्ते का होने वाला है। इसके बाद वह अगले असाइनमेंट के लिए अंडर-19 कैंप से जुड़ जाएंगे। उनके बचपन के कोच ने बताया कि वैभव सूर्यवंशी लंबे फॉर्मेट में अपनी स्थिरता बढ़ाने के लिए प्रैक्टिस कर रहे हैं। कोच ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी पहली गेंद से ही अटैक करने की क्षमता रखते हैं, जो T20 और वनडे में बहुत बड़ा पॉजिटिव साइन है। आपने आईपीएल, अंडर-19 और विजय हजारे ट्रॉफी में वैभव सूर्यवंशी को देखा है। सफेद गेंद के मुकाबले लंबे फॉर्मेट में उनका प्रदर्शन गिर जाता है, ऐसे में लंबे फॉर्मेट के लिए वैभव को तैयार किया जा रहा है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

