चेतेश्वर पुजारा ने हासिल की नई उपल्ब्धि, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 20 हजार रनों का आंकड़ा किया पार

Cheteshwar Pujara

Cheteshwar Pujara 20 Thousand Runs: भारतीय टेस्ट क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा भले ही भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। चेतेश्वर पुजारा ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक नई उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने रणजी ट्राफी में सौराष्ट्र की तरफ से खेलते हुए उम्दा बल्लेबाजी की है। बता दें कि विदर्भ के खिलाफ पहली पारी में उन्होंने 43 रनों की पारी खेली थी। जबकि दूसरी पारी में शानदार 66 रनों की पारी खेली। जिसके बदौलत पुजारा सचिन तेंदुलकर जैसे महानतम बल्लेबाजों की फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं।

20 हजार रनों का आंकड़ा किया पार

आपको बता दें विदर्भ के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेलते हुए उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 20 हजार रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। इसी के साथ फर्स्ट क्लास क्रिकेट में ऐसा करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज

  • सुनील गावस्कर- 25834 रन
  • सचिन तेंदुलकर- 25396 रन
  • राहुल द्रविड़- 23794 रन
  • चेतेश्वर पुजारा- 20013 रन
  • वीवीएस लक्ष्मण- 19730 रन

झारखंड के खिलाफ दोहरा शतक लगाया

भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट मैचों की सीरीज के 2 टेस्ट मैचों के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। हालांकि स्क्वॉड में चेतेश्वर पुजारा का नाम नहीं शामिल हैं। लेकिन उन्होंने रणजी ट्राफी में सौराष्ट्र की तरफ से खेलते हुए झारखंड के खिलाफ नाबाद 243 रनों की पारी खेली है। वहीं विदर्भ के खिलाफ अर्धशतकीय पारी भी खेली।

ऐसा रहा है उनका टेस्ट क्रिकेट करियर

गौरतलब है कि चेतेश्वर पुजारा भारतीय टेस्ट क्रिकेट के एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। उन्होंने कुल 103 टेस्ट मैच खेले हैं। जिसकी 176 पारियों में 7195 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 19 शतकीय पारी खेली और 35 अर्धशतकीय पारी खेली है। जिसमें उनका सर्वाधिक 206 रन नाबाद रहा है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews