2030 यूथ ओलंपिक में क्रिकेट को किया जा सकता है शामिल, भारत को मिल सकती है मेजबानी, पढ़ें यह खबर

क्रिकेट जगत के लिए एक शानदार खबर सामने आ रही है। दरअसल क्रिकेट के खेल को अब 2030 यूथ ओलंपिक गेम्स में भी शामिल किया जा सकता है। यदि ऐसा होता है तो यह एक बड़ी उपलब्धि होगी।
2030 यूथ ओलंपिक में क्रिकेट को किया जा सकता है शामिल, भारत को मिल सकती है मेजबानी, पढ़ें यह खबर

क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक और शानदार खबर सामने आ सकती है। दरअसल 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में क्रिकेट के शामिल होने के बाद, अब संभावना है कि यह खेल 2030 यूथ ओलंपिक गेम्स में भी शामिल किया जा सकता है। जानकारी के अनुसार इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के जनरल मैनेजर विलियम ग्लेनराइट ने हाल ही में इस दिशा में सकारात्मक संकेत दिए हैं। इसके साथ ही भारत ने भी 2030 यूथ ओलंपिक की मेजबानी में अपनी रुचि दिखाई है, जिससे यह संभावना और बढ़ गई है।

दरअसल ICC के डेवलपमेंट जनरल मैनेजर विलियम ग्लेनराइट ने ईमेल के माध्यम से इस विचार का समर्थन व्यक्त किया है। इस ईमेल में ग्लेनराइट ने कहा, “यह एक शानदार पहल है, और हम इसे गंभीरता से विचार में ले सकते हैं।” इस बयान को क्रिकेट को ओलंपिक के मंच पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ICC के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जैसे CEO ज्योफ एलार्डिस, वसीम खान, क्लेयर फरलोंग, और क्रिस टेटली को भी इस ईमेल की प्रति भेजी गई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि इस मुद्दे पर ICC के उच्चतम स्तर पर चर्चा चल रही है।

भारत कर सकता यूथ ओलंपिक गेम्स की मेजबानी

जानकारी के अनुसार भारत ने 2030 यूथ ओलंपिक गेम्स की मेजबानी के प्रति अपनी रुचि जाहिर की है, और मुंबई को संभावित मेजबान शहर के रूप में प्रस्तावित किया गया है। ऐसे में यदि भारत को इस आयोजन की मेजबानी का मौका मिलता है, तो क्रिकेट का इसमें शामिल होना अधिक संभावित हो सकता है, क्योंकि भारत क्रिकेट का सबसे बड़ा बाजार है और यहां इस खेल के प्रति उत्साह और समर्पण अद्वितीय है।

दरअसल क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल करने का रास्ता काफी लंबा और चुनौतीपूर्ण रहा है। 1900 के पेरिस ओलंपिक में क्रिकेट को पहली और आखिरी बार खेला गया था। उस समय, केवल एक मैच खेला गया था, जिसमें ग्रेट ब्रिटेन और फ्रांस आमने-सामने थे। ग्रेट ब्रिटेन ने उस मुकाबले को 158 रनों से जीता था। इसके बाद, क्रिकेट को ओलंपिक खेलों से बाहर कर दिया गया और तब से यह खेल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष करता रहा।

एशियन गेम्स में इसे तीन बार किया गया शामिल

हालांकि, पिछले कुछ दशकों में क्रिकेट की लोकप्रियता में शानदार वृद्धि हुई है, और इसे कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में शामिल भी किया गया है। दरअसल कॉमनवेल्थ गेम्स में क्रिकेट को दो बार (1998 और 2022) शामिल किया गया है, जबकि एशियन गेम्स में इसे तीन बार (2010, 2014, और 2023) खेला गया है। अब, क्रिकेट को 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में शामिल किए जाने के बाद, इसे 2030 यूथ ओलंपिक में भी शामिल करने की चर्चा जोरों पर है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews