
एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में भारत ने शानदार जीत हासिल की, वहीं पाकिस्तान को भारत के हाथों लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा। मैच प्रेजेंटेशन के दौरान बड़ा ड्रामा देखने को मिला और दुनिया भर में इस टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले को लेकर खूब चर्चाएं हुईं। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी जीत को देश के सैनिकों को समर्पित किया। उन्होंने टूर्नामेंट के सभी मैचों की फीस इंडियन आर्मी को डोनेट कर दी। लेकिन अब पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि अगर पाकिस्तान की टीम जीतती तो पाकिस्तान क्या करता।
दरअसल, फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराया। तिलक वर्मा की शानदार पारी के चलते पाकिस्तान इस मुकाबले में वापसी नहीं कर पाया। भारत की ओर से न सिर्फ गेंदबाजी में कमाल किया गया बल्कि बल्लेबाजी में भी खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। लेकिन भारतीय टीम के जीतने के बाद भी एसीसी के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी ने भारतीय टीम को ट्रॉफी नहीं दी और उसे साथ लेकर चले गए।
शाहिद अफरीदी और मोहम्मद यूनुस ने बड़ा खुलासा किया
वहीं अब पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी और मोहम्मद यूनुस ने बड़ा खुलासा किया है। दरअसल, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने फाइनल जीतने पर अपनी मैच फीस इंडियन आर्मी को डोनेट की थी। इस मामले के बाद शाहिद अफरीदी और मोहम्मद यूनुस का कहना है कि अगर पाकिस्तान यह मुकाबला जीतता तो वह पाकिस्तान एयर फोर्स को यह जीत समर्पित करता। शाहिद अफरीदी ने यह भी कहा कि उन्होंने यह आइडिया खुद पाकिस्तान के खिलाड़ियों को दिया था। हालांकि शाहिद अफरीदी और मोहम्मद यूनुस ने यह बात मुकाबले से पहले की थी, लेकिन पाकिस्तान का यह सपना पूरा नहीं हो सका और उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा।
भारत ने पाकिस्तान को तीन बार हराया
भारत ने एशिया कप 2025 के टूर्नामेंट में पाकिस्तान को तीन बार हराया। 14 सितंबर को भारतीय टीम ने लीग स्टेज के मुकाबले में पाकिस्तान को सात विकेट से हरा दिया। इस दौरान जीत के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी इस जीत को पहलगाम पीड़ितों और भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित किया था। हालांकि इसके बाद पीसीबी की ओर से सूर्यकुमार यादव की शिकायत की गई थी। इसके बाद 21 सितंबर को भी भारतीय टीम ने पाकिस्तान को करारी हार दी। उस मैच में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को छह विकेट से हराया और इसके बाद टीम के किसी भी खिलाड़ी ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। इसके चलते पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड बुरी तरह नाराज हो गया और मैच रेफरी को हटाने की मांग करने लगा। वहीं, 28 सितंबर को भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में फिर पाकिस्तान को हराकर तीसरी बार मात दी।
कैसा रहा था फाइनल मुकाबला?
एशिया कप के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान की टीम ने मात्र 146 रन बनाए थे। भारतीय गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया। 147 रन का पीछा करते हुए भारत के टॉप फाइव बैट्समैन में से तीन विकेट मात्र 20 रन के अंदर गिर गए थे। लेकिन इसके बाद तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 57 रनों की साझेदारी की। संजू सैमसन 24 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद शिवम दुबे और तिलक वर्मा ने मिलकर भारत को मुकाबला जिताया। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर शिवम दुबे आउट हो गए थे, लेकिन इसके बाद रिंकू सिंह ने आकर विनिंग शॉट लगाए।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

