CSK के ‘Roar 26’ इवेंट में एमएस धोनी ने संजू सैमसन और शिवम दुबे को किया सम्मानित, रैना-ब्रावो समेत कई दिग्गज हुए शामिल

चेन्नई सुपर किंग्स ने एमए चिदंबरम स्टेडियम में एक खास 'रोर 26' रियूनियन इवेंट का आयोजन किया, जिसमें एमएस धोनी ने T20 वर्ल्ड कप विजेता संजू सैमसन और शिवम दुबे को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में सुरेश रैना, ड्वेन ब्रावो और मैथ्यू हेडन जैसे कई पूर्व दिग्गज भी शामिल हुए और एक प्रदर्शनी मैच खेला।
CSK के ‘Roar 26’ इवेंट में एमएस धोनी ने संजू सैमसन और शिवम दुबे को किया सम्मानित, रैना-ब्रावो समेत कई दिग्गज हुए शामिल

चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में रविवार को माहौल उस वक्त देखने लायक था, जब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के सबसे बड़े सितारे एक बार फिर मैदान पर एक साथ उतरे। मौका था CSK के खास रियूनियन इवेंट ‘रोर 26’ का, जिसमें फ्रेंचाइजी के पुराने और नए दिग्गजों का जमावड़ा लगा। इस कार्यक्रम का सबसे खास पल वह था जब टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने T20 वर्ल्ड कप 2026 की विजेता भारतीय टीम के सदस्य संजू सैमसन और शिवम दुबे को सम्मानित किया।

फैंस का उत्साह तब चरम पर पहुंच गया जब मैदान पर एमएस धोनी और सुरेश रैना की जोड़ी एक साथ नजर आई। ‘थाला’ और ‘चिन्ना थाला’ को साथ देखकर स्टेडियम में मौजूद दर्शक जोर-जोर से चिल्लाने लगे, जिससे पूरा माहौल गूंज उठा।

दिग्गजों का लगा मेला

यह इवेंट सिर्फ मौजूदा खिलाड़ियों तक ही सीमित नहीं था, बल्कि CSK के इतिहास से जुड़े कई बड़े नाम भी इसका हिस्सा बने। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मैथ्यू हेडन, वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो, माइकल हसी, मुथैया मुरलीधरन, पार्थिव पटेल, मुरली विजय और एस बद्रीनाथ जैसे खिलाड़ी भी इस खास मौके पर चेपॉक के मैदान पर मौजूद थे। इन सभी दिग्गजों को धोनी ने सम्मानित भी किया।

जब मैदान पर फिर दिखा पुराना जलवा

इस इवेंट के दौरान एक प्रदर्शनी मैच भी खेला गया, जिसमें इन सितारों ने अपने हाथ आजमाए। एक मजेदार क्षण में, ऋतुराज गायकवाड़ की गेंद पर माइकल हसी ने जोरदार छक्का लगाया। वहीं, जब मुथैया मुरलीधरन गेंदबाजी करने आए, तो संजू सैमसन ने उनके खिलाफ एक लंबा छक्का जड़ दिया। इस दौरान एमएस धोनी विकेटकीपिंग की भूमिका में नजर आए।

मैच के दौरान एक और दिलचस्प वाकया हुआ जब ड्वेन ब्रावो बल्लेबाजी कर रहे थे। ब्रावो ने एक बड़ा शॉट लगाने का प्रयास किया और धोनी के पास उन्हें स्टंप आउट करने का एक आसान मौका था, लेकिन उन्होंने मजाकिया अंदाज में ऐसा नहीं किया। बाद में ब्रावो ने अपने गायन से भी फैंस का भरपूर मनोरंजन किया।

धोनी ने युवा प्रतिभा को भी दिया सम्मान

संजू सैमसन और शिवम दुबे के अलावा, एमएस धोनी ने अपनी कप्तानी में भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाले आयुष म्हात्रे को भी एक विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में, धोनी ने फैंस के बीच टेनिस गेंदों को फेंककर उनका अभिवादन किया।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews