गौतम गंभीर को मिली ‘ISIS Kashmir’ से जान से मारने की धमकी, हेड कोच ने पुलिस को दी जानकारी

भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर को आतंकी संगठन आईएसआईएस कश्मीर से जान से मारने की धमकी दी गई है। इसे लेकर उन्होंने नई दिल्ली पुलिस से संपर्क किया है और तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है। जानकारी के मुताबिक, 22 अप्रैल को गंभीर को धमकी भरे ईमेल आए। एक ईमेल दोपहर के समय, जबकि दूसरा ईमेल शाम को आया। दोनों में "I kill you" लिखा था।
गौतम गंभीर को मिली 'ISIS Kashmir' से जान से मारने की धमकी, हेड कोच ने पुलिस को दी जानकारी

भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच और भाजपा के पूर्व सांसद गौतम गंभीर को पाकिस्तान के आतंकी संगठन आईएसआईएस कश्मीर ने जान से मारने की धमकी दी है। हालांकि, इसे लेकर गौतम गंभीर द्वारा पुलिस से संपर्क किया गया है और तुरंत कार्रवाई करने की मांग की गई है। राजेंद्र नगर पुलिस स्टेशन के एसएचओ और मध्य दिल्ली के डीसीपी के मुताबिक, गौतम गंभीर ने औपचारिक रूप से इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की बात कही है।

वहीं, कानून प्रवर्तन अधिकारियों से गौतम गंभीर ने उनके परिवार और करीबी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाने की भी मांग की है। इस खतरे को देखते हुए अब दिल्ली पुलिस मामले की जांच करेगी और गौतम गंभीर व उनके करीबियों को लेकर सुरक्षा के कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।

कब मिली धमकी?

जानकारी के मुताबिक, 22 अप्रैल को गौतम गंभीर को दो धमकी भरे ईमेल आए। पहला ईमेल दोपहर में आया, जबकि दूसरा शाम को भेजा गया। दोनों ही ईमेल में “I kill you” का संदेश लिखा गया था। हालांकि, ऐसा पहली बार नहीं है जब गौतम गंभीर को धमकी मिली है। इससे पहले नवंबर 2021 में भी उन्हें धमकी मिल चुकी थी। दरअसल, उस दौरान गौतम गंभीर एक सांसद के रूप में कार्य कर रहे थे, ऐसे में उन्हें इसी प्रकार का एक ईमेल मिला था।

पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर गौतम गंभीर ने जताया था दुःख

दरअसल, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर गौतम गंभीर ने निंदा की थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए इस हमले को निंदनीय बताया था। पहलगाम में मंगलवार को बायसरन घाटी में आतंकियों ने पर्यटकों पर गोलीबारी की थी। यह 2019 के बाद भारत में सबसे बड़ा आतंकी हमला था। इसे लेकर गौतम गंभीर ने लिखा था कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी, भारत स्ट्राइक करेगा। हालांकि, अब अंदेशा लगाया जा रहा है कि इसी कारण से गौतम गंभीर को यह धमकी वाले ईमेल भेजे गए हैं।

बड़े बड़े खिलाड़ियों ने की थी हमले की निंदा

बता दें कि गौतम गंभीर के अलावा अभी कई बड़े खिलाड़ियों ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की है। इन खिलाड़ियों में विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर, शुभमन गिल जैसे सभी बड़े खिलाड़ी शामिल हैं। सचिन तेंदुलकर ने हमले पर दुख जताया और कहा कि पीड़ित परिवार अकल्पनीय कष्ट से गुजर रहा है। भारत और दुनिया भर में लोग इस कठिन समय में उनके साथ खड़े हैं। हम इस हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देते हैं और न्याय की प्रार्थना करते हैं।

वहीं, विराट कोहली ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा था कि पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना है। जिन परिवार के लोगों ने इस कायरतापूर्ण हमले में अपनी जान गंवाई है, उनके लिए प्रार्थना करता हूं और ऐसी प्रार्थना है कि परिवारों को दुख सहने की शक्ति मिले।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews