‘गौतम गंभीर सख्त नहीं….कड़ी आलोचनाओं के बीच भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच के समर्थन में उतरा ये स्टार खिलाड़ी

पिछले कुछ समय से भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर को आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल साउथ अफ्रीका से मिली टेस्ट सीरीज में करारी हार के बाद गौतम गंभीर पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लेकिन अब इसी कड़ी में अफगानिस्तान के स्टार खिलाड़ी रहमानुल्लाह गुरबाज गौतम गंभीर के समर्थन में आए हैं।
गौतम गंभीर

इस समय भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज खेली जा रही है, जिसका पहला वनडे मुकाबला भारत ने जीता था। वहीं दूसरा वनडे मुकाबला आज रायपुर में खेला जाएगा। इससे पहले दोनों टीमें टेस्ट में आमने-सामने हुई थीं जिसमें टेस्ट सीरीज दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 2-0 से जीती थी। इस टेस्ट सीरीज के बाद भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर को कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। सोशल मीडिया पर भी गौतम गंभीर को लेकर आक्रोश देखने को मिला था जबकि पूर्व खिलाड़ियों ने भी गंभीर की कोचिंग स्टाइल पर सवाल खड़े किए थे।

लेकिन अब इसी बीच अफगानिस्तान के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज गौतम गंभीर के समर्थन में उतरे हैं। उनका कहना है कि उनके अनुसार गौतम गंभीर सर्वश्रेष्ठ कोच हैं और उनकी आलोचना देखकर वह बेहद हैरान हैं।

गौतम गंभीर को लेकर क्या कहा?

दरअसल दुबई आईपीएल टी20 के चौथे सत्र से पहले पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में रहमानुल्लाह गुरबाज ने कहा कि आपके देश की एक अरब 40 करोड़ की आबादी में से 20 या 30 लाख लोग गौतम गंभीर के खिलाफ हो सकते हैं लेकिन बाकी लोग गौतम सर और भारतीय टीम के साथ खड़े हुए हैं। वह एक सर्वश्रेष्ठ कोच हैं मेंटर हैं और एक अच्छे इंसान हैं। मुझे गौतम गंभीर के काम करने का तरीका बेहद पसंद है। भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी, वनडे टूर्नामेंट, टी20 एशिया कप में भी जीत दर्ज की और कई बड़ी सफलताएं हासिल कीं, और सिर्फ एक सीरीज हार जाने से उन्हें दोषी नहीं ठहराया जा सकता।

गौतम गंभीर सख्त नहीं हैं: रहमानुल्लाह गुरबाज

दरअसल, गौतम गंभीर और रहमानुल्लाह गुरबाज ने एक साथ कोलकाता की टीम में काम किया है। गंभीर की कोचिंग स्टाइल को गुरबाज अच्छे से जानते हैं। इसे लेकर उन्होंने कहा कि गौतम गंभीर की सबसे बड़ी ताकत टीम का माहौल है। टीम में ऐसा माहौल बनाया जाता है कि खिलाड़ी बिना दबाव के अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अच्छा प्रदर्शन कर सकें। गुरबाज ने कहा कि गौतम गंभीर के साथ काम करने में उन्हें मजा आता है। जब माहौल अच्छा होता है तो आप हमेशा शिखर पर होते हैं। गौतम गंभीर ने हमेशा हमारे लिए माहौल अच्छा रखा जिससे हम पर कोई दबाव नहीं आया। यही वजह है कि हमने टूर्नामेंट जीता। गौतम गंभीर सख्त नहीं हैं, लेकिन अनुशासित हैं। अनुशासन तोड़ने पर वह सख्त हो जाते हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews