
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को जिम्बाब्वे दौरे से पहले एक बड़ा झटका लगा है। उनके स्टार ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स को ग्रोइन (जांघ) की चोट के कारण इस दौरे से बाहर होना पड़ा है। यह चोट उन्हें हाल ही में मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2025 के फाइनल के दौरान लगी थी। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार, 18 जुलाई 2025 को इसकी पुष्टि की। फिलिप्स न केवल जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका के साथ चल रही टी20 ट्राई सीरीज से बाहर हो गए हैं, बल्कि जिम्बाब्वे के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
हाल ही में लगी थी ये चोट
28 साल के ग्लेन फिलिप्स को यह चोट MLC 2025 में वाशिंगटन फ्रीडम के लिए खेलते समय लगी थी। जिम्बाब्वे पहुंचने पर उनकी मेडिकल जांच की गई, जिसमें पता चला कि उनकी रिकवरी के लिए कई हफ्तों की जरूरत होगी। इसके चलते उन्हें तुरंत न्यूजीलैंड वापस भेजा जा रहा है, जहां उनकी चोट का और इलाज होगा। न्यूजीलैंड के साथ इस दौरे पर गए जिमी नीशम और मिच हेल भी MLC फाइनल के बाद वापस लौट रहे हैं।
न्यूजीलैंड के नए मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने फिलिप्स की अनुपस्थिति पर निराशा जताई। उन्होंने कहा, ‘ग्लेन जैसे काबिल खिलाड़ी को खोना निराशाजनक है। हम उनके लिए दुखी हैं और उम्मीद करते हैं कि वह जल्द ठीक होकर मैदान पर वापसी करेंगे।’
ट्राई सीरीज में न्यूजीलैंड का प्रदर्शन
न्यूजीलैंड ने जिम्बाब्वे में चल रही टी20आई त्रिकोणीय सीरीज की शुरुआत शानदार अंदाज में की। 16 जुलाई को हरारे में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले मैच में उन्होंने 21 रनों से जीत हासिल की। इस मैच में टिम रॉबिन्सन की नाबाद 75 रनों की पारी और जैकब डफी व मैट हेनरी की तीन-तीन विकेट की शानदार गेंदबाजी ने न्यूजीलैंड को जीत दिलाई।
फिलिप्स की गैरमौजूदगी में टिम रॉबिन्सन को ट्राई सीरीज के लिए स्क्वॉड में बनाए रखा गया है। रॉबिन्सन पहले MLC फाइनल के लिए गए खिलाड़ियों के कवर के तौर पर शामिल किए गए थे। इसके अलावा, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन और रचिन रविंद्रा जैसे खिलाड़ी भी MLC फाइनल में हिस्सा लेने के बाद अब न्यूजीलैंड की टी20आई टीम के साथ जुड़ गए हैं।
