T20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने के लिए बांग्लादेश टीम को आना होगा भारत, दावा – ICC ने खारिज की मांग!

भारत में T20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने के लिए बांग्लादेश की टीम को अब भारत आना ही पड़ेगा। दावा किया जा रहा है कि आईसीसी ने बांग्लादेश की मांगों को खारिज कर दिया है। हालांकि बांग्लादेश की ओर से कहा जा रहा है कि आईसीसी की तरफ से अब तक ऐसा कोई आदेश नहीं आया है।
T20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने के लिए बांग्लादेश टीम को आना होगा भारत, दावा - ICC ने खारिज की मांग!

7 फरवरी से शुरू होने वाले T20 वर्ल्ड कप 2026 में अब बांग्लादेश को भारत में ही अपने मुकाबले खेलने होंगे। दरअसल इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल द्वारा बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की T20 वर्ल्ड कप के वेन्यू बदलने की मांग को खारिज कर दिया गया है। आईसीसी की ओर से यह स्पष्ट किया गया है कि बांग्लादेश को अपने सभी लीग मुकाबले भारत में ही खेलने होंगे, नहीं तो उसे अपने अंक गंवाने पड़ेंगे। हालांकि यह दावा भारतीय मीडिया में किया जा रहा है। अब तक इसे लेकर आईसीसी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

दरअसल बुधवार को बीसीबी ने बयान जारी कर इन रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का कहना है कि आईसीसी भारत में होने वाले T20 वर्ल्ड कप में हमारी चिंताओं को दूर करने के लिए हमारे साथ मिलकर काम कर रहा है। आईसीसी टूर्नामेंट में बांग्लादेश की पूर्ण और बिना किसी रुकावट के भागीदारी तय करने के लिए कमिटेड है।

चैंपियंस ट्रॉफी का दिया हवाला

वहीं इस मामले पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रेसिडेंट अमीनुल इस्लाम और बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इसमें अमीनुल इस्लाम ने कहा कि बांग्लादेश के मैचों के साथ भी वैसा ही किया जाना चाहिए, जैसा भारत और पाकिस्तान के मैचों के साथ किया गया था। बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने अपने सभी मुकाबले दुबई में खेले थे, जबकि चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन पाकिस्तान में किया गया था। इसी का हवाला देते हुए अमीनुल इस्लाम ने कहा कि जब चैंपियंस ट्रॉफी हुई थी तब भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं गई थी। पिछले वर्ल्ड कप में पाकिस्तान भारत नहीं आया था, इसलिए हमें भी उम्मीद है कि हम अपने तर्क मजबूती से रख पाएंगे।

वहीं दूसरी ओर बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने कहा कि हम आईसीसी को यह समझाएंगे कि भारत में बांग्लादेश के लिए खेलने का माहौल अनुकूल नहीं है। हम मजबूत तर्कों के साथ आईसीसी के सामने अपनी बात रखेंगे कि बांग्लादेश की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा से हम कोई समझौता नहीं करेंगे। हम क्रिकेट वर्ल्ड कप जरूर खेलना चाहते हैं।

जानिए क्या है यह विवाद?

जानकारी दे दें कि यह पूरा विवाद बांग्लादेश में हो रहे हिंदुओं पर अत्याचार के बाद उठा है। दरअसल हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के बाद भारत में बांग्लादेश के खिलाफ आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर करने की मांग उठी थी, जिन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने 9.20 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था। बीसीसीआई के निर्देश के बाद कोलकाता की टीम ने मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर कर दिया और अब बांग्लादेश ने भारत में होने वाले T20 वर्ल्ड कप 2026 में शामिल होने से इनकार कर दिया है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews