
आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में आज 17वां मुकाबला खेला जाएगा। आज ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश की टीम आमने-सामने होंगी। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। ऑस्ट्रेलिया ने अपने तीनों मुकाबले जीते हैं, जबकि बांग्लादेश को चार में से तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है, जिसके चलते बांग्लादेश के पास मात्र दो अंक हैं। आज होने वाला यह मुकाबला विशाखापट्टनम के डॉक्टर वायएस राजशेखर स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला दोपहर 3:00 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 2:30 पर किया जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया की टीम अपनी जीत की लय को बरकरार रखने की कोशिश करेगी, जबकि बांग्लादेश की टीम जीत की राह पर लौटने की कोशिश करेगी। ऑस्ट्रेलिया ने पिछला मुकाबला भारत से 3 विकेट से जीता था, जबकि बांग्लादेश साउथ अफ्रीका से हार गया था। हालांकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन इसके बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा था।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें
दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो अब तक वूमेन’स वनडे में दोनों टीमें चार बार आमने-सामने हुई हैं, जिनमें से सभी चार मुकाबले ऑस्ट्रेलिया की टीम ने जीते हैं। यानी अब तक वूमेन’स वनडे में बांग्लादेश की टीम ऑस्ट्रेलिया को नहीं हरा पाई है। वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच एक मुकाबला खेला गया था 2022 में जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने 5 विकेट से जीत दर्ज की थी। आज अगर बांग्लादेश जीतता है, तो इतिहास रच जाएगा। ऑस्ट्रेलिया की टीम आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में सबसे मजबूत टीम मानी जा रही है।
पिच रिपोर्ट पर डालें नजर
बता दें कि आज होने वाला यह मुकाबला डॉक्टर वायएस राजशेखर रेड्डी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैदान पर टूर्नामेंट का चौथा मुकाबला खेला जाएगा। इससे पहले खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश और साउथ अफ्रीका की टीम आमने-सामने थी, जिसमें साउथ अफ्रीका ने 233 रनों का लक्ष्य मात्र 50.3 ओवर में हासिल कर लिया था। इस मैदान पर अब तक कुल 8 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से सात बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है, जबकि एक बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है। यानी आज जो कप्तान टॉस जीतेगा, वह पहले फील्डिंग का निर्णय ले सकता है। यह मैदान शुरुआत में गेंदबाजों को अच्छी मदद करता है, लेकिन धीरे-धीरे बल्लेबाजी आसान हो जाती है। दूसरी पारी में बल्लेबाजों के लिए पिच अनुकूल हो जाती है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
ऑस्ट्रेलिया: एलिसा हीली (कप्तान और विकेटकीपर), फोएबे लिचफील्ड, एलिस पेरी, बेथ मूनी, एनाबेल सदरलैंड, एश्ले गार्डनर, ताहलिया मैक्ग्रा, सोफी मोलिनक्स, किम गर्थ, अलाना किंग और मेगन शट।
बांग्लादेश: रूबिया हैदर, फरगना हक, शर्मिन अख्तर, निगार सुल्ताना (कप्तान और विकेटकीपर), शोभना मोस्तरी, शोर्ना अख्तर, फाहिमा खातून, नाहिदा अख्तर, राबेया खान, रितु मोनी और मारुफा अख्तर।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

