आज ICC Women World Cup 2025 में ऑस्ट्रेलिया बनाम पाकिस्तान, हेड टू हेड रिकॉर्ड देखकर चौंक जाएंगे आप!

आज आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जाएगा। आज होने वाला मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होगा। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:00 बजे से शुरू होगा।
ICC Women World Cup 2025

आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में आज ऑस्ट्रेलिया के सामने पाकिस्तान की टीम रहेगी। कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले में सभी की निगाहें पाकिस्तान पर रहने वाली हैं। पाकिस्तान ने इस टूर्नामेंट में अब तक एक भी मुकाबला नहीं जीता है। आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप में बने रहने के लिए पाकिस्तान को यह मुकाबला जीतना होगा, जबकि ऑस्ट्रेलिया प्वाइंट्स टेबल में पहले नंबर पर आने के लिए लड़ेगी। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच खेला गया मुकाबला बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था, जिसकी वजह से ऑस्ट्रेलिया को एक अंक दिया गया था।

आज होने वाला मुकाबला दोनों टीमों के लिए इस टूर्नामेंट का तीसरा मुकाबला रहेगा। पिछले मुकाबलों पर नजर डाली जाए तो ऑस्ट्रेलिया ने पहला मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ 90 रनों से जीता था, जबकि श्रीलंका के खिलाफ मैच रद्द हो गया था। वहीं पाकिस्तान ने पहला मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ हारा था, जबकि दूसरे मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह हराया था।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें

दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डाली जाए तो अब तक ऑस्ट्रेलिया वूमेन और पाकिस्तान वूमेन की टीमों के बीच कुल 16 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से ऑस्ट्रेलिया ने सभी 16 बार जीत हासिल की है। पाकिस्तान की टीम अब तक वनडे में ऑस्ट्रेलिया को नहीं हरा पाई है। दोनों टीमों के बीच आखिरी वनडे मुकाबला 2023 में खेला गया था, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने 101 रनों से जीता था। वनडे क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया को हराना पाकिस्तान के लिए अभी भी चुनौती बना हुआ है। देखना दिलचस्प रहेगा कि क्या आज पाकिस्तान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी पहली जीत दर्ज करेगा या पिछले मुकाबलों की तरह ही रिकॉर्ड कायम रहेगा।

पिच रिपोर्ट और टॉप स्कोरर

वहीं मैदान की पिच पर नजर डाली जाए तो कोलंबो में स्पिनर्स को हमेशा से ही मदद मिलती आई है। अब तक इस मैदान पर 23 वूमेन वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 13 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है, जबकि 10 बार पहले गेंदबाजी करने वाली टीम विजेता रही है। पाकिस्तान की टीम इस समय खराब प्रदर्शन से जूझ रही है। हालांकि पाकिस्तान की ओर से टॉप स्कोरर सिद्रा अमीन ने शानदार प्रदर्शन किया है। सिद्रा अमीन ने दो मुकाबलों में कुल 81 रन बनाए हैं। वहीं गेंदबाजी में डायना बेग ने दो मैचों में पांच विकेट हासिल किए हैं। ऑस्ट्रेलिया की खिलाड़ियों पर नजर डाली जाए तो एश्ले गार्डनर ने शानदार प्रदर्शन किया है। एश्ले गार्डनर ने एक मुकाबले में 115 रन की पारी खेली, जबकि सोफी मोलेनिक्स ने एक मुकाबले में तीन विकेट झटके हैं।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:

ऑस्ट्रेलिया:

एलिसा हीली (कप्तान और विकेटकीपर), फीबी लिचफील्ड, एलिस पेरी, बेथ मूनी, एश्ले गार्डनर, एनाबेल सदरलैंड, ताहलिया मैक्ग्रा, सोफी मोलेनिक्स, अलाना किंग, किम गार्थ, डार्सी ब्राउन।

पाकिस्तान:

मुनीबा अली, सदफ शमास, सिद्रा अमीन, रमीन शमीम, आलिया रियाज, सिद्रा नवाज (विकेटकीपर), फातिमा सना (कप्तान), नतालिया परवेज, डायना बेग, नाशरा संधू, सादिया इकबाल।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews