
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 19 अक्टूबर को पहला वनडे मुकाबला खेला जाएगा। इस वनडे मुकाबले में भारत के दो सुपरस्टार बल्लेबाज नजर आएंगे। बता दें कि रोहित शर्मा और विराट कोहली लंबे समय बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलते हुए दिखाई देंगे। इस मुकाबले का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन फैंस इस बात को लेकर कन्फ्यूज हैं कि यह मुकाबला कितने बजे से भारत में देखा जा सकेगा और किस चैनल पर इसका प्रसारण किया जाएगा।
बता दें कि भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर कुल आठ मुकाबले देखने को मिलेंगे, जिनमें तीन वनडे मुकाबले और पांच T20 मुकाबले खेले जाएंगे। 19 अक्टूबर को पहला वनडे मुकाबला खेला जाएगा, जबकि 25 अक्टूबर को वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला होगा। वहीं, 29 अक्टूबर से T20 सीरीज शुरू हो जाएगी, जिसका आखिरी मुकाबला 8 नवंबर को खेला जाएगा।
कितनी बजे से शुरू होंगे वनडे मुकाबले?
अगर आप भी विराट कोहली और रोहित शर्मा को खेलते हुए देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत का पहला वनडे मुकाबला देखना चाहते हैं, तो बता दें कि यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 9:00 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस सुबह 8:30 बजे होगा। 19 अक्टूबर को होने वाला पहला वनडे मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के पर्थ के मैदान पर खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला 23 अक्टूबर को एडिलेड में होगा, वहीं तीसरा मुकाबला 25 अक्टूबर को सिडनी के मैदान पर खेला जाएगा। भारत और ऑस्ट्रेलिया के समय में कई घंटे का अंतर है, जिसके चलते भारत में यह वनडे मुकाबले सुबह-सुबह देखने को मिलेंगे।
कैसे देख सकेंगे सभी मुकाबले?
वहीं T20 मुकाबलों पर नजर डालें तो पहला मुकाबला 29 अक्टूबर को कैनबरा के मैदान पर होगा, दूसरा मुकाबला 31 अक्टूबर को मेलबर्न में, तीसरा मुकाबला 2 नवंबर को हॉबर्ट में, चौथा मुकाबला 6 नवंबर को क्वींसलैंड में और पांचवां मुकाबला 8 नवंबर को ब्रिस्बेन में खेला जाएगा। T20 मुकाबलों के समय पर नजर डालें तो सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार दोपहर 1:45 बजे से शुरू होंगे, जबकि टॉस 1:30 बजे होगा। जानकारी दे दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली इन दोनों सीरीज का टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। आप स्टार स्पोर्ट्स 1 और स्टार स्पोर्ट्स हिंदी पर यह मुकाबले देख सकेंगे।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

