IND vs PAK Match से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उस्मान तारिक को लेकर दिया बड़ा बयान, कहा – ‘उसके सामने सरेंडर नहीं कर सकते’

रविवार 15 फरवरी को कोलंबो में भारत-पाकिस्तान के बीच T20 World Cup मुकाबले से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तानी मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक पर अपनी तैयारी का खुलासा किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीम सरेंडर नहीं करेगी और नए गेंदबाज का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
IND vs PAK Match से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उस्मान तारिक को लेकर दिया बड़ा बयान, कहा - 'उसके सामने सरेंडर नहीं कर सकते'

T20 World Cup का सबसे प्रतीक्षित मुकाबला रविवार, 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा जब भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। मैच से ठीक एक दिन पहले शनिवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कई अहम मुद्दों पर खुलकर बात की।

पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक इन दिनों चर्चा में हैं। उनका अनोखा बॉलिंग एक्शन और गेंदबाजी शैली क्रिकेट जगत में खासी सुर्खियां बटोर रही है। भारतीय बल्लेबाज पहली बार इस गेंदबाज के खिलाफ उतरेंगे, ऐसे में उस्मान तारिक की चुनौती को लेकर सूर्यकुमार से सवाल पूछा गया।

उस्मान तारिक पर सूर्यकुमार की प्रतिक्रिया

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब पाकिस्तानी स्पिनर के बारे में पूछा गया तो सूर्यकुमार यादव ने आत्मविश्वास से भरा जवाब दिया।

“ऐसा कुछ नहीं है कि सिलेबस से बाहर का कुछ है। वह एक अलग तरह का गेंदबाज है। हम उसके सामने सरेंडर नहीं कर सकते। हम सभी उसका सामना करने के लिए बहुत उत्साहित हैं। हम तैयार हैं।” — सूर्यकुमार यादव

गौरतलब है कि उस्मान तारिक के एक्शन पर कई क्रिकेट विशेषज्ञों ने सवाल उठाए हैं। लेकिन भारतीय कप्तान ने साफ किया कि टीम इंडिया किसी भी तरह की चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।

पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने वाला सवाल

मैच से पहले एक और संवेदनशील सवाल सूर्यकुमार के सामने रखा गया — क्या भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाएंगे? इस पर सूर्यकुमार ने विनोदी लहजे में जवाब देते हुए कहा कि चौबीस घंटे का इंतजार करें। उन्होंने कहा कि टीम यहां क्रिकेट खेलने आई है और हाथ मिलाने का फैसला कल लिया जाएगा।

सूर्यकुमार ने अभिषेक शर्मा के खेलने पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर सब चाहते हैं कि अभिषेक खेलें तो टीम उन्हें जरूर खिलाएगी। यह सवाल इसलिए उठा क्योंकि पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने पहले कहा था कि वह चाहते हैं कि अभिषेक शर्मा भारतीय टीम में खेलें।

सलमान आगा ने भी की प्रेस कॉन्फ्रेंस

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने भी शनिवार को मीडिया से बात की। हाथ मिलाने की परंपरा को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने भी कहा कि इस बारे में कल देखा जाएगा। टूर्नामेंट से पहले पाकिस्तान के बहिष्कार की अटकलों और संवेदनशील राजनीतिक स्थिति के बीच सलमान आगा ने किसी भी विवाद से दूर रहने की कोशिश की।

पाकिस्तानी कप्तान ने आगे कहा कि वह उम्मीद करते हैं कि यह खेल उसी भावना के साथ खेला जाए, जिस भावना के साथ इसे शुरुआत से खेला जाता रहा है। उन्होंने क्रिकेट की महत्ता को बरकरार रखने पर जोर दिया।

दोनों ही कप्तानों ने मैच से पहले संयमित बयान देकर विवादों से बचने का प्रयास किया है। रविवार को होने वाला यह मुकाबला न सिर्फ क्रिकेट के लिहाज से बल्कि दोनों देशों के बीच की प्रतिद्वंद्विता के लिए भी बेहद अहम होगा। कोलंबो में खेले जाने वाले इस मैच को लेकर दुनियाभर में उत्साह देखा जा रहा है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews