
कल यानी 30 नवंबर को रांची के जेएससीए स्टेडियम में पहला वनडे मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले में रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ही दिग्गज खिलाड़ी नजर आएंगे। बता दें कि भारतीय टीम के स्क्वाड का ऐलान पहले ही कर दिया गया था। इस महत्वपूर्ण सीरीज के लिए कुछ नए खिलाड़ियों को भी टीम में जगह दी गई है, जिनमें ऋतुराज गायकवाड और तिलक वर्मा जैसे नाम शामिल हैं। तिलक वर्मा ने एशिया कप 2025 के T20 फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया था। अब वनडे में भी उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
हालांकि कल होने वाले इस मुकाबले में भारतीय टीम टेस्ट में मिली हार को भूलकर मैदान में उतरेगी। बता दें कि दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली गई थी, जिसे दक्षिण अफ्रीका ने 2-0 से अपने नाम किया था और भारत को क्लीन स्वीप किया था। अब तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत पहला मुकाबला जीतकर बढ़त बनाने की कोशिश करेगी।
कहां देख सकेंगे कल का मुकाबला?
वहीं भारतीय फैंस के मन में इस समय सबसे बड़ा सवाल है कि यह मुकाबला किस चैनल पर देखा जा सकता है। बता दें कि आप स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर भारत और दक्षिण अफ्रीका के मुकाबले का लाइव मैच देख सकते हैं जबकि इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार पर की जाएगी। जानकारी दे दें कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाला पहला वनडे मुकाबला दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस एक बजे किया जाएगा। यह मुकाबला रविवार को होने वाला है, ऐसे में बड़ी संख्या में लोग इस मैच को देखेंगे। इसका एक बड़ा कारण रोहित शर्मा और विराट कोहली भी हैं। बता दें कि दोनों खिलाड़ी T20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर चुके हैं, ऐसे में वे अब केवल वनडे क्रिकेट में ही नजर आएंगे।
क्या बारिश बिगाड़ेगी खेल?
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले पहले वनडे मुकाबले के मौसम पर नजर डालें तो बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। यानी बारिश इस मुकाबले में कोई खलल नहीं डालेगी। मैच के दौरान रांची का मौसम शानदार दिखाई दे सकता है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
पिच रिपोर्ट पर डालें नजर
रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच स्पिनर्स के लिए काफी फायदेमंद रहती है। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को भी अच्छी मदद मिलती है, लेकिन स्पिनर्स इस मैदान पर कमाल कर सकते हैं। स्पिनर्स के शानदार स्पेल मैच का रुख बदल सकते हैं, यही कारण है कि इस मैदान पर हाई-स्कोरिंग मुकाबले कम देखने को मिलते हैं। बता दें कि इस मैदान पर टीम इंडिया ने अब तक 6 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 3 में जीत हासिल की है, जबकि एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है और एक मैच बिना नतीजे के समाप्त हुआ है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

