दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे वनडे में भारत को 4 विकेट से हराया, कोहली और गायकवाड पर भारी पड़ गए एडन मार्क्रम

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को चार विकेट से हरा दिया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 359 रनों का विशाल स्कोर बनाया था लेकिन दक्षिण अफ्रीका की टीम ने इसे भी चेज़ कर लिया।
दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे वनडे में भारत को 4 विकेट से हराया

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे रायपुर में दूसरे वनडे मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने जीत दर्ज कर ली है। दरअसल दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है जिसका पहला मुकाबला रांची के मैदान पर खेला गया था। उस मुकाबले में भारत ने 17 रनों से महत्वपूर्ण जीत हासिल की थी जबकि रायपुर में खेले गए दूसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका की टीम ने चार विकेट से जीत दर्ज कर ली। हालांकि मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 359 रनों का विशाल स्कोर बना दिया। भारत की ओर से ऋतुराज गायकवाड और विराट कोहली ने शानदार शतक लगाए लेकिन बावजूद इसके साउथ अफ्रीका की टीम ने बड़े स्कोर को चेज़ कर लिया।

इस रनचेज़ में सबसे बड़ा योगदान साउथ अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज एडन मार्क्रम का रहा। एडन मार्क्रम ने 110 रनों की शानदार पारी खेली जिसके चलते साउथ अफ्रीका मजबूत स्थिति में पहुंच गया और अंत में कॉर्बिन बॉश ने धुआंधार 29 रन बनाकर मुकाबला साउथ अफ्रीका को जिता दिया।

भारत ने बनाए थे 358 रन

मुकाबले पर नजर डाली जाए तो साउथ अफ्रीका की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया था। पिछले 2 सालों में भारत ने वनडे में एक भी टॉस नहीं जीता है। भारत ने लगातार 20 टॉस हारे हैं जिसके चलते भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी करने के लिए मैदान में आना पड़ा। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत शानदार रही। भारत का पहला विकेट 40 रनों पर गिरा। रोहित शर्मा मात्र 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए जबकि यशस्वी जायसवाल के बल्ले से 22 रनों की पारी निकली। वहीं विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 102 रनों की पारी खेली। विराट कोहली ने अपनी पारी में 7 चौके और 2 शानदार छक्के जड़े।

ऋतुराज गायकवाड ने मात्र 83 गेंद में 105 रन बना दिए। गायकवाड ने 12 चौके और दो छक्के लगाए। अंत में केएल राहुल ने 43 गेंद में 66 रन की नाबाद पारी खेलते हुए भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया। वहीं रविंद्र जडेजा ने मात्र 27 गेंद में 24 रन की पारी खेलकर भारत को 358 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

एडन मार्क्रम ने 110 रनों की पारी खेली

वहीं 359 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम की शुरुआत खराब रही। साउथ अफ्रीका को मात्र 26 रनों के स्कोर पर पहला झटका लग गया। क्विंटन डिकॉक मात्र 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। लेकिन दूसरे छोर को एडन मार्क्रम ने संभाले रखा। मार्क्रम ने 98 गेंद में 110 रनों की पारी खेली। अपनी पारी के दौरान मार्क्रम ने 10 चौके और चार छक्के लगाए। दूसरे छोर से कप्तान टेम्बा बावुमा ने शानदार पारी खेलते हुए सहयोग किया। बावुमा ने 46 रनों की पारी खेली।

वहीं मैथ्यू ब्रीट्ज़के ने 64 गेंद में 68 रनों की पारी खेली। जैनसन ने पांच चौके लगाए जबकि डेवाल्ड ब्रेविस ने 34 गेंद में 54 रनों की शानदार पारी खेली। ब्रेविस ने एक चौका और पांच शानदार छक्के जड़े। वहीं अंत में कॉर्बिन बॉश ने मात्र 15 गेंद में 29 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी पारी में कॉर्बिन बॉश ने चार चौके जड़े और साउथ अफ्रीका को मुकाबला जिता दिया और सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews