न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, शुभमन गिल कप्तान, सिराज की हुई वापसी

भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए 3 जनवरी 2026 शनिवार को 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। सीरीज में शुभमन गिल को कप्तान बनाया गया है।
IND Vs NZ ODI Serise

भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी 2026 से तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेलने वाली है। टी20 विश्व कप 2026 से पहले यह सीरीज टीम इंडिया के लिए ‘अग्निपरीक्षा’ से कम नहीं है। भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए पहले ही टीम इंडिया का ऐलान कर दिया था वहीं वनडे सीरीज के लिए 3 जनवरी 2026 शनिवार को 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। BCCI ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया एक्स पर दी।

गिल-अय्यर की वापसी

न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में शुभमन गिल की वापसी हुई है। वहीं चोट के बाद श्रेयस अय्यर को भी टीम में शामिल किया गया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चोट लगने की वजह से श्रेयस अय्यर काफी समय से टीम से बाहर थे। वनडे सीरीज में शुभमन गिल के नेतृत्व में टीम मैच खेलेगी तो वहीं श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है। विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल को टीम का हिस्सा बनाया गया है।

रोहित और कोहली को मिली टीम में जगह

नए साल की शुरुआत भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए खास होने वाली है। रोहित शर्मा और विराट कोहली एक बार फिर मैदान पर खेलते नजर आएंगे। दोनों ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। अब एक बार फिर दोनों धमाल मचाने के लिए तैयार हैं।

तेज गेंदबाज सिराज को मिली टीम में जगह

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने पिछला वनडे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। इसके बाद उन्हें दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए आराम दिया गया। अब वह न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलते नजर आएंगे। तेज गेंदबाजी के लिए चयन समिति ने सिराज के अलावा अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा पर भरोसा जताया है। वहीं, स्पिन आक्रमण की अगुवाई कुलदीप यादव करेंगे। इसमें उनका साथ स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर देंगे। टीम में नीतीश कुमार रेड्डी को भी जगह दी गई है।

भारत और न्यूजीलैंड वनडे 2026 का पूरा शेड्यूल

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 11-18 जनवरी के बीच तीन वनडे मुकाबलों की सीरीज खेली जानी है। पहला मैच वडोदरा में खेला जाएगा, जिसके बाद 14 जनवरी को राजकोट में दूसरे मुकाबले का आयोजन होगा। सीरीज का अंतिम मैच इंदौर में 18 जनवरी को खेला जाना है। इसके बाद दोनों देश 21-31 जनवरी के बीच 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज खेलेंगे।

न्यूजीलैंड वनडे के लिए भारतीय टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेट कीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेट कीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews