इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान, कोहली-बुमराह की वापसी, देखें पूरा स्क्वॉड

बीसीसीआई ने इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया। विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह की टीम में वापसी हुई है, जबकि शुभमन गिल कप्तान होंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान, कोहली-बुमराह की वापसी, देखें पूरा स्क्वॉड

इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम घोषित की है। टीम की कमान एक बार फिर शुभमन गिल को सौंपी गई है। अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली की वापसी की उम्मीद भी जगी है। हालांकि, उनका चयन फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में चोट के कारण कोहली नहीं खेल पाए थे। उन्हें टीम में शामिल किया गया है। अंतिम मंजूरी मेडिकल टीम की ओर से मिलनी बाकी है। क्रिकेट प्रशंसकों की नजर अब उनकी फिटनेस रिपोर्ट पर टिकी रहेगी।

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की टीम में वापसी हुई है। सिलेक्टर्स ने टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण रखा है। कप्तान शुभमन गिल के साथ कई दिग्गज बल्लेबाज टीम को मजबूती देंगे। इनमें रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल और ईशान किशन शामिल हैं। श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है।

जसप्रीत बुमराह की वापसी से मजबूत हुआ पेस अटैक

ऑलराउंडर डिपार्टमेंट में भी युवा प्रतिभाओं को मौका मिला है। अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और नितीश कुमार रेड्डी को टीम में शामिल किया गया है। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह के कंधों पर होगी। बीसीसीआई के वर्कलोड मैनेजमेंट प्लान के तहत 32 साल के इस तेज गेंदबाज को अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट और तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए आराम दिया गया था। अब उनकी वापसी से टीम को काफी मजबूती मिली है। बुमराह लंबे समय बाद वनडे क्रिकेट में वापसी करेंगे। उन्होंने अपना आखिरी वनडे मैच 2023 वर्ल्ड कप फाइनल के तौर पर खेला था। बुमराह के साथ अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा और गुरनूर बराड़ पेस अटैक को मजबूती देंगे। स्पिन अटैक की अगुवाई कुलदीप यादव करेंगे।

वरुण चक्रवर्ती को नहीं मिला मौका

इस बीच भारतीय टीम को एक झटका भी लगा है। मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती पूरी तरह से अपनी चोट से उबर नहीं पाए हैं। आईपीएल 2026 के दौरान उनके बाएं पैर में चोट लगी थी। वह फिलहाल बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं। इसी वजह से उन्हें आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर कर दिया गया है।

इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज का पूरा शेड्यूल

IND vs ENG वनडे सीरीज का पूरा शेड्यूल भी जारी हो गया है। पहला वनडे 14 जुलाई को एजबेस्टन में खेला जाएगा। यह मैच दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा। दूसरा वनडे 16 जुलाई को सोफी गार्डन्स में होगा। यह मुकाबला शाम 5:30 बजे से शुरू होगा। तीसरा और अंतिम वनडे 19 जुलाई को लॉर्ड्स में खेला जाएगा। यह मैच दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा।

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम

इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews