
वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का स्क्वाड घोषित कर दिया गया है। शुभमन गिल को कप्तानी सौंपी गई है, साथ ही उपकप्तान के नाम में बड़ा बदलाव हुआ है। दरअसल, ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को उपकप्तान चुना गया है। इस महत्वपूर्ण टेस्ट सीरीज में ऋषभ पंत शामिल नहीं हैं। ऋषभ पंत इंग्लैंड दौरे के दौरान चोटिल हो गए थे। गुरुवार को बीसीसीआई की ओर से दुबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर टीम का ऐलान किया गया।
वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 2 अक्टूबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा। वहीं दूसरा टेस्ट मैच 10 अक्टूबर से दिल्ली में खेला जाएगा। यह टेस्ट सीरीज कई खिलाड़ियों के लिए बेहद अहम होने वाली है। वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद भारत साउथ अफ्रीका के साथ भी टेस्ट सीरीज खेलेगा। अगर इस सीरीज में भारतीय खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो उन्हें आने वाली बाकी सीरीज में भी मौका दिया जा सकता है।
श्रेयस अय्यर को नहीं मिला मौका
वहीं टीम के स्क्वाड पर नजर डाली जाए तो एक बार फिर श्रेयस अय्यर को टीम में मौका नहीं मिला है। जानकारी दें कि इस समय ऑस्ट्रेलिया-ए और भारत-ए टीमों के बीच टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। उस सीरीज में श्रेयस अय्यर को टीम का कप्तान चुना गया है, लेकिन पिछले मुकाबले में भी उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। यही कारण है कि अब भारतीय टीम में उन्हें फिर से मौका नहीं दिया गया है। हालांकि दूसरी ओर यश राठौड़ लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मौका नहीं मिला है। वहीं दलीप ट्रॉफी में रजत पाटीदार ने शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन रजत पाटीदार को भी मौका नहीं मिला है।
इन खिलाड़ियों को मिला मौका
भारतीय टीम के स्क्वाड पर नजर डाली जाए तो विकेटकीपर के तौर पर दो खिलाड़ियों को मौका दिया गया है ध्रुव जुरेल और एन. जगदीशन। बल्लेबाजी में के.एल. राहुल, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल टीम में शामिल हैं। ऑलराउंडर में चार खिलाड़ियों को मौका दिया गया है रविंद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल और नीतिश रेड्डी। वहीं गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह के साथ मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव शामिल हैं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

