सिडनी टेस्ट मैच में बुरी तरह फेल हुई भारत की बल्लेबाजी, स्कॉट बोलैंड ने बिखेरा टीम का टॉप ऑर्डर

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे पांचवें और अंतिम टेस्ट मुकाबले में भारतीय टीम बैकफुट पर नजर आ रही है। दरअसल, टीम ने पहली पारी में 148 रन के स्कोर पर अपने 8 विकेट गंवा दिए हैं। टीम का कोई भी बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना सका है।
सिडनी टेस्ट मैच में बुरी तरह फेल हुई भारत की बल्लेबाजी, स्कॉट बोलैंड ने बिखेरा टीम का टॉप ऑर्डर

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पांचवां और अंतिम टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन अब भारतीय टीम का यह निर्णय उस पर भारी पड़ता हुआ नजर आ रहा है। भारत की पहली पारी लड़खड़ाती हुई नजर आ रही है। भारत ने मात्र 148 रन के स्कोर पर अपने आठ विकेट गंवा दिए हैं। इस समय क्रीज पर प्रसिद्ध कृष्णा और जसप्रीत बुमराह बल्लेबाजी कर रहे हैं।

भारत ने इस मैच में दो बड़े बदलाव किए हैं। भारतीय टीम के नियमित कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच से खुद को आराम दिया है, उनकी जगह शुभमन गिल को मौका दिया गया है। वहीं, आकाशदीप की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया है।

ऑस्ट्रेलिया ने भारत का टॉप ऑर्डर बिखेरा

भारत की पहली पारी के दौरान ओपनिंग बल्लेबाजी नाकाम नजर आई। यशस्वी जायसवाल और लोकेश राहुल ने भारत की ओर से ओपनिंग की, लेकिन यशस्वी जायसवाल सिर्फ 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि लोकेश राहुल भी मात्र चार रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद क्रीज पर आए शुभमन गिल ने थोड़ी देर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह भी 20 रन के स्कोर पर आउट हो गए। विराट कोहली ने मात्र 17 रनों का योगदान दिया। भारत का टॉप ऑर्डर एक बार फिर फेल नजर आया। ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों ने भारत के टॉप ऑर्डर को बिखेर दिया।

स्कॉट बोलैंड ने शानदार गेंदबाजी की

हालांकि ऋषभ पंत ने संभली हुई बल्लेबाजी की। पंत ने 98 गेंदों में 40 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। नीतीश रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर भी ज्यादा स्कोर नहीं बना सके। नीतीश रेड्डी शून्य पर आउट हो गए, जबकि वाशिंगटन सुंदर 26 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्कॉट बोलैंड ने शानदार गेंदबाजी की। बॉलैंड ने चार विकेट अपने नाम किए। मिचेल स्टार्क ने भी दो विकेट लिए, जबकि कप्तान पैट कमिंस ने एक विकेट झटका।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews