
IPL 2025 का क्वालीफायर-2 मुकाबला पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच 1 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होना है। लेकिन मौसम की करवट ने सबको चिंता में डाल दिया है। ऐसे में अगर बारिश हुई और मैच रद्द होता है तो सीधे-सीधे फाइनल का टिकट किसी एक टीम को मिल जाएगा। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि फैसला किस आधार पर होगा और फैंस को क्या उम्मीद रखनी चाहिए। दरअसल IPL 2025 के अहम मुकाबले के लिए मौसम बड़ी भूमिका निभा सकता है। अहमदाबाद में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। 31 मई को हुई बारिश के चलते पंजाब किंग्स का प्रैक्टिस सेशन भी प्रभावित हुआ था।
वही एक्यूवेदर के अनुसार, 1 जून को शाम के वक्त आसमान में बादल छाए रहेंगे और देर रात हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। तापमान शाम तक 31 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा और तेज़ हवाएं चल सकती हैं। हालांकि भारी बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन अगर थोड़ी भी बारिश होती है तो मैदान गीला हो सकता है और समय पर मैच शुरू करना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में फैंस की निगाहें मौसम अपडेट पर टिकी रहेंगी।
IPL क्वालीफायर-2 के लिए है रिजर्व डे या नहीं?
दरअसल IPL के नियमों के मुताबिक प्लेऑफ के पहले तीन मैचों—क्वालीफायर-1, एलिमिनेटर और क्वालीफायर-2—के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है। इसका मतलब है कि अगर बारिश ने मैच को पूरी तरह प्रभावित कर दिया और खेल शुरू ही नहीं हो पाया, तो रिजर्व डे का विकल्प नहीं होगा। केवल IPL फाइनल के लिए ही रिजर्व डे की सुविधा दी गई है। ऐसे में अगर क्वालीफायर-2 रद्द होता है तो फैसला सीधे-सीधे लीग स्टेज की पोजिशन के आधार पर लिया जाएगा। इसमें वही टीम फाइनल में पहुंचेगी जो अंकतालिका में ऊपर रही हो। पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के फैंस ये बात जानना चाहते हैं कि क्या उनकी टीम फाइनल में जाएगी?
अगर मैच रद्द हुआ तो कौन जाएगा फाइनल में?
दरअसल IPL 2025 की पॉइंट्स टेबल में पंजाब किंग्स पहले स्थान पर थी, जबकि मुंबई इंडियंस चौथे नंबर पर रही थी। ऐसे में अगर मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया तो फाइनल का टिकट पंजाब किंग्स को मिल जाएगा। यह नियम IPL की ऑफिशियल प्लेइंग कंडीशन में साफ-साफ लिखा गया है। बता दें कि मैच शुरू करने के लिए कम से कम 5 ओवर का खेल होना जरूरी है। अगर यह संभव नहीं हो पाया तो अंकतालिका के आधार पर टीम को फाइनल का टिकट मिलेगा। ऐसे में PBKS को एक तरह से फायदा होता दिख रहा है। लेकिन मुंबई इंडियंस फैंस अब भी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि बारिश न हो और मुकाबला हो, क्योंकि मुंबई की टीम नॉकआउट मैचों में हमेशा दम दिखाती है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

