इन टीमों को लग सकता है बड़ा झटका, वापस नहीं लौटेंगे ये बड़े विदेशी खिलाड़ी! जानिए क्या है वजह

बीसीसीआई जल्द ही आईपीएल 2025 का नया शेड्यूल जारी कर सकती है, लेकिन दूसरी ओर विदेशी खिलाड़ी अपने-अपने घर लौटना शुरू कर चुके हैं। एक रिपोर्ट की मानें तो अब उनका वापस आना तय नजर नहीं आ रहा है।
इन टीमों को लग सकता है बड़ा झटका, वापस नहीं लौटेंगे ये बड़े विदेशी खिलाड़ी! जानिए क्या है वजह

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ रहे तनाव के बीच बीसीसीआई ने बड़ा फैसला लिया है और आईपीएल 2025 को एक हफ्ते के लिए स्थगित कर दिया है। स्थगित हुई आईपीएल का नया शेड्यूल भी जल्द ही बीसीसीआई द्वारा जारी किया जा सकता है, लेकिन अब कुछ टीमों को झटका लग सकता है। दरअसल, रिपोर्ट की मानें तो आईपीएल 2025 में हिस्सा लेने वाले विदेशी खिलाड़ी अपने-अपने घरों को लौटना शुरू कर चुके हैं, जबकि अब यह बात भी सामने आ रही है कि एक ही हफ्ते में टूर्नामेंट के फिर से शुरू होने पर कुछ खिलाड़ी वापस नहीं आ पाएंगे, जबकि कुछ विदेशी खिलाड़ी अब इस टूर्नामेंट में खेलने के इच्छुक नहीं हैं। ऐसे में ये खिलाड़ी इंतजार करने की जगह अब अपने मुल्क लौटने की तैयारी में हैं।

दरअसल, खिलाड़ियों को अब ज्यादा समय नहीं मिलेगा। पहले संभावना जताई जा रही थी कि आईपीएल को ज्यादा समय के लिए टाला जा सकता है, लेकिन बीसीसीआई ने इसे केवल एक हफ्ते के लिए टालने का निर्णय लिया। मीडिया रिपोर्ट में एक अधिकारी के हवाले से जानकारी दी गई कि बीसीसीआई विदेशी खिलाड़ियों को लॉजिस्टिक्स की मदद दे रही है। अब ये खिलाड़ी वापस आएंगे या नहीं, यह तय नहीं है। फिलहाल सभी विदेशी खिलाड़ी स्वदेश लौट रहे हैं।

क्या एक ही सप्ताह में फिर लौट पाएंगे विदेशी खिलाड़ी?

वहीं, टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट की मानें तो गुरुवार को पंजाब और दिल्ली का मैच रद्द होने के बाद कुछ विदेशी खिलाड़ियों में घबराहट देखने को मिली है। ऐसे में उन्हें जल्द से जल्द घर पहुंचाया जा रहा है। बीसीसीआई खिलाड़ियों की फ्लाइट्स की व्यवस्था से लेकर उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाने तक की जिम्मेदारी निभा रही है। ऐसे में घबराए हुए खिलाड़ी एक हफ्ते बाद भारत लौटेंगे या नहीं, इस पर भी चिंता जताई जा रही है। हालांकि बीसीसीआई ने आईपीएल के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है, लेकिन अगर स्थिति नहीं सुधरती है, तो इस टूर्नामेंट के बचे हुए मुकाबलों को और समय के लिए स्थगित किया जा सकता है। जबकि कुछ खबरों में यह भी दावा किया जा रहा है कि एशिया कप की विंडो में आईपीएल के बचे हुए मुकाबले खेले जा सकते है।

इन टीमों को हो सकता है सबसे बड़ा नुकसान

दरअसल, सबसे बड़ा नुकसान टॉप 4 की टीमों को होता हुआ नजर आ रहा है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस, मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स जैसी टीमें टॉप पर जगह बनाती हुई नजर आ रही हैं। हालांकि इस रेस में दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स जैसी टीमें भी शामिल हैं। ऐसे में अगर विदेशी खिलाड़ी एक हफ्ते बाद भारत नहीं लौटते हैं, तो इन टीमों को बड़ा नुकसान होगा। कुछ टीमों के पास विदेशी खिलाड़ियों की ही ताकत है और भारतीय खिलाड़ियों की टीम इतनी मजबूत नजर नहीं आ रही है। बता दें कि आईपीएल में एक टीम में चार विदेशी खिलाड़ी खेल सकते हैं। ऐसे में अब इंडियन प्रीमियर लीग असल में ‘इंडियन’ प्रीमियर लीग ही नजर आ सकती है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews