
आईपीएल 2026 को लेकर अभी से चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं। दरअसल अब चर्चाएं हैं कि फ्रेंचाइज़ी द्वारा बड़े खिलाड़ियों को लेकर ट्रेड डील की जा सकती है। इन खिलाड़ियों में केएल राहुल, ऋषभ पंत, संजू सैमसन, ऋतुराज गायकवाड़ जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। हाल ही में यह खबर भी वायरल हुई है कि केएल राहुल को लेकर कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम दिलचस्पी दिखा रही है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि राहुल को बतौर कप्तान अपनी टीम में शामिल करना चाहती है।
जानकारी के मुताबिक इसे लेकर कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा दिल्ली कैपिटल्स की टीम के साथ ट्रेड डील की जा सकती है। दरअसल, कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम को न सिर्फ एक कप्तान बल्कि एक विकेटकीपर बल्लेबाज की भी जरूरत है।
टीम को एक विकेटकीपर की जरूरत
बता दें कि कोलकाता नाइट राइडर्स ने पिछले सीजन 2 इंटरनेशनल विकेटकीपर बल्लेबाजों को मौका दिया था। एक साउथ अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक, जिन्होंने 8 मैचों में मात्र 152 रन ही बनाए। जबकि दूसरे विकेटकीपर के तौर पर टीम ने रहमानुल्लाह गुरबाज को मौका दिया था, जिन्होंने 5 मैचों में सिर्फ 74 रन बनाए। ऐसे में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम एक मजबूत विकेटकीपर बल्लेबाज का ऑप्शन ढूंढ रही है। राहुल के आने से न सिर्फ कप्तान मिलेगा बल्कि एक मजबूत विकेटकीपर भी टीम को मिलेगा। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि राहुल को लेकर कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम मोटी रकम में डील कर सकती है।
क्या दिल्ली कैपिटल्स करेगी राहुल को रिलीज?
पिछले सीजन केएल राहुल को दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने मेगा ऑक्शन में खरीदा था। ऐसे में यह देखना दिलचस्प रहेगा कि क्या दिल्ली कैपिटल्स की टीम केएल राहुल को रिलीज करने का मन बनाएगी या नहीं। पिछले सीजन पर नजर डाली जाए तो दिल्ली कैपिटल्स की ओर से केएल राहुल ने सबसे ज्यादा रन बनाए थे। राहुल ने 13 मैचों में 539 रन ठोके थे। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स की टीम केएल राहुल को टीम में रखने की कोशिश करेगी। जबकि चेन्नई सुपर किंग्स भी केएल राहुल में दिलचस्पी दिखा सकती है। पहले संजू सैमसन को लेकर चेन्नई ने मन बनाया था जबकि अब राहुल को लेकर भी खबरें चल रही हैं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

