
आईपीएल 2026 को लेकर सभी टीमें तैयारी कर रही हैं। 15 नवंबर में अब एक दिन का समय रह गया है, यानी कल तक सभी टीमों को अपने रिटेन खिलाड़ियों की लिस्ट जारी करनी है। कल यह साफ हो जाएगा कि कौन सी टीम किन खिलाड़ियों को अपने साथ बनाए रखेगी, जबकि आईपीएल के मिनी ऑक्शन में किन खिलाड़ियों पर दांव लगने वाला है। दिसंबर में यूएई में मिनी ऑक्शन आयोजित किया जा सकता है, जिसमें खिलाड़ियों की खरीद-बिक्री होगी।
चलिए इससे पहले हम आपको सभी टीमों की पर्स वैल्यू बता रहे हैं और टीम के तीन सबसे महंगे खिलाड़ी कौन से हैं, इसकी भी जानकारी दे रहे हैं। मिनी ऑक्शन से पहले सभी टीमें अपने पर्स को बढ़ाने की पूरी कोशिश करेंगी ताकि नए खिलाड़ियों को टीम में खरीद सकें। जिन खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है, उन्हें टीम रिलीज कर सकती है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास कुल 75 लाख
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास कुल 75 लाख का पर्स है। टीम के सबसे महंगे खिलाड़ियों में विराट कोहली, जिनकी वैल्यू 21 करोड़ रुपए है, जोश हेजलवुड जिन्हें टीम ने 12.50 करोड़ रुपए में शामिल किया है और फिल सॉल्ट जिनकी वैल्यू 11.50 करोड़ रुपए है। हालांकि, टीम इन तीनों ही खिलाड़ियों को रिलीज नहीं करेगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पिछले सीजन खिताब अपने नाम किया था। टीम पूरी तरह से परफेक्ट नजर आ रही है, ऐसे में इस बार टीम में ज्यादा बदलाव होने की उम्मीद बेहद कम है।
पंजाब किंग्स
वहीं दूसरे नंबर पर पंजाब किंग्स की टीम रही थी। पंजाब किंग्स ने पिछले सीजन श्रेयस अय्यर को अपना कप्तान चुना था। श्रेयस अय्यर को टीम ने 26.75 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था। श्रेयस ने पिछले सीजन पंजाब के लिए कमाल की कप्तानी की थी और बल्लेबाजी में भी जबरदस्त प्रदर्शन किया था। पंजाब के दूसरे महंगे खिलाड़ियों पर नजर डाली जाए तो अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल को टीम ने 18-18 करोड़ रुपए में अपने स्क्वाड में शामिल किया था। युजवेंद्र चहल को टीम रिलीज कर सकती है। हालांकि पिछले साल टीम ने फाइनल में जगह बनाई थी, ऐसे में पंजाब में भी ज्यादा बदलाव होने की उम्मीद कम है।
लखनऊ सुपरजायंट्स
तीसरे नंबर पर लखनऊ सुपरजायंट्स के पर्स की बात की जाए तो लखनऊ के पास कुल 10 लाख रुपए का पर्स है। हालांकि टीम पर्स को बढ़ा सकती है। टीम कई खिलाड़ियों को रिलीज कर सकती है। पिछला सीजन टीम के लिए ज्यादा अच्छा नहीं रहा था। लखनऊ ने ऋषभ पंत पर 27 करोड़ रुपए, निकोलस पूरन पर 21 करोड़ रुपए और मयंक यादव पर 11 करोड़ रुपए खर्च किए थे। टीम कुछ बड़े नामों को रिलीज कर सकती है और अपनी पर्स वैल्यू बढ़ा सकती है।
गुजरात टाइटंस
वहीं गुजरात टाइटंस की टीम पर नजर डालें तो गुजरात के पास मात्र 15 लाख रुपए का पर्स है। हालांकि टीम पूरी तरह से पैक नजर आ रही है। शुभमन की कप्तानी में टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है। टीम के महंगे खिलाड़ियों में इस समय राशिद खान 18 करोड़ और जोस बटलर 15.75 करोड़ रुपए की रकम के साथ जुड़े हुए हैं। टीम जोस बटलर को रिलीज करने का मन बना सकती है।
चेन्नई सुपर किंग्स
वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के पर्स पर नजर डाली जाए तो चेन्नई के पास कुल 5 लाख रुपए का पर्स है। चेन्नई का पिछला सीजन बेहद खराब गया था। चेन्नई ने प्वाइंट्स टेबल के आखिर में अपना सफर समाप्त किया था। चेन्नई के महंगे खिलाड़ियों में ऋतुराज गायकवाड़ 18 करोड़, रविंद्र जडेजा 18 करोड़ और मथीशा पथिराना 13 करोड़ रुपए के साथ जुड़े हुए हैं। रविंद्र जडेजा को लेकर दावा किया जा रहा है कि ट्रेड डील चेन्नई के साथ लगभग तय हो चुकी है। जडेजा की जगह संजू सैमसन टीम में शामिल हो सकते हैं। ऐसे में टीम मजबूती मैनेज कर सकती है, लेकिन पर्स बढ़ाने के लिए कई खिलाड़ियों को रिलीज कर सकती है।
दिल्ली कैपिटल्स
दिल्ली कैपिटल्स की टीम के पास कुल 20 लाख रुपए का पर्स है। दिल्ली की टीम के महंगे खिलाड़ियों में अक्षर पटेल, केएल राहुल और कुलदीप यादव शामिल हैं। अक्षर पटेल को टीम ने 16.5 करोड़ रुपए, केएल राहुल को 14 करोड़ रुपए और कुलदीप यादव को 13.5 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल कर रखा है। हालांकि इन तीनों ही खिलाड़ियों को रिलीज करने की उम्मीद बेहद कम है।
मुंबई इंडियंस
वहीं मुंबई इंडियंस पर नजर डालें तो मुंबई इंडियंस के पास कुल 10 लाख रुपए का पर्स है। मुंबई के पास पहले से बड़े खिलाड़ी मौजूद हैं। जसप्रीत बुमराह 18 करोड़, सूर्यकुमार यादव 16.35 करोड़ और हार्दिक पांड्या 16.35 करोड़ रुपए के साथ टीम में जुड़े हुए हैं। मुंबई टीम दूसरे खिलाड़ियों को रिलीज कर सकती है और पर्स में बढ़ोतरी कर सकती है। मुंबई तेज गेंदबाज पर इस बार बड़ा दांव खेल सकती है।
सनराइजर्स हैदराबाद
वहीं सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पिछला सीजन इतना खास नहीं गया था। सनराइजर्स अपने पर्स को बढ़ाने के लिए बड़ा फैसला ले सकती है। सनराइजर्स के पास कुल 20 लाख रुपए का पर्स है। पर्स की वैल्यू बढ़ाने के लिए सनराइजर्स अपने सबसे महंगे खिलाड़ी हेनरिक क्लासेन को रिलीज कर सकती है। हेनरिक क्लासेन को टीम ने 23 करोड़ रुपए में अपने साथ शामिल किया था। जबकि पैट कमिंस 18 करोड़ और ट्रैविस हेड 14 करोड़ रुपए में टीम का हिस्सा हैं। पर्स बढ़ाने के लिए हेनरिक क्लासेन को जाना पड़ सकता है।
राजस्थान रॉयल्स
वहीं राजस्थान रॉयल्स के पास कुल 30 लाख रुपए का पर्स है। राजस्थान इस समय पर्स वैल्यू में थोड़ा आगे नजर आ रही है। टीम के महंगे खिलाड़ियों में यशस्वी जायसवाल 18 करोड़, संजू सैमसन 18 करोड़ और ध्रुव जुरेल 14 करोड़ रुपए में टीम में शामिल हैं। टीम संजू सैमसन को रिलीज कर सकती है और अपने पर्स में बढ़ोतरी कर सकती है। अगर चेन्नई के साथ ट्रेड डील कैंसल होती है तो संजू सैमसन मिनी ऑक्शन में भी नजर आ सकते हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स
वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स के पास 5 लाख रुपए का पर्स है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने सबसे महंगे खिलाड़ियों में वेंकटेश अय्यर को 23.75 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था। वहीं रिंकू सिंह को 13 करोड़ और आंद्रे रसेल को 12 करोड़ रुपए में टीम में शामिल किया था। कोलकाता की टीम वेंकटेश अय्यर को रिलीज कर सकती है और अपने पर्स को बढ़ा सकती है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

