कुलदीप यादव ने पास किया फिटनेस टेस्ट, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए शानदार खबर!

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के महत्वपूर्ण टूर्नामेंट से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक शानदार खबर सामने आई है। दरअसल, टीम के स्पिनर कुलदीप यादव ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है। 26 जनवरी को कुलदीप यादव का नेशनल क्रिकेट अकादमी, बेंगलुरु में फिटनेस टेस्ट हुआ था, जिसका परिणाम उनके पक्ष में आया है।
कुलदीप यादव ने पास किया फिटनेस टेस्ट, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए शानदार खबर!

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। टूर्नामेंट की शुरुआत 19 फरवरी से होगी। इस बड़े टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया जा चुका है और टीम में चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव का नाम भी शामिल है। हालांकि, कुलदीप इस समय फिटनेस को लेकर संघर्ष कर रहे थे, लेकिन अब महत्वपूर्ण टूर्नामेंट से पहले उन्होंने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है।

अब पूरी तरह फिट हो जाने के चलते कुलदीप यादव रणजी ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश के लिए आखिरी राउंड में खेलते हुए नजर आ सकते हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच गुरुवार से मुकाबला शुरू होगा, जो इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में कुलदीप यादव के खेलने की संभावना है।

चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारतीय टीम के लिए शानदार खबर

कुलदीप यादव की फिटनेस की पुष्टि करने के लिए रणजी ट्रॉफी के मुकाबले महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीसीसीआई चाहता है कि कुलदीप यादव उत्तर प्रदेश के लिए रणजी ट्रॉफी में खेलें, ताकि चैंपियंस ट्रॉफी से पहले उनकी फिटनेस को साबित किया जा सके। चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज भी खेलेगी, हालांकि इस वनडे सीरीज में कुलदीप यादव का नाम शामिल नहीं है। ऐसे में चैंपियंस ट्रॉफी से पहले उनके पास अपनी फिटनेस साबित करने के लिए रणजी ट्रॉफी ही एकमात्र मौका है।

19 फरवरी से शुरू होगी चैंपियंस ट्रॉफी

बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 19 फरवरी से होगा और इसकी मेजबानी पाकिस्तान करेगा। हालांकि, भारतीय टीम अपने मुकाबले दुबई में खेलेगी। भारतीय टीम टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी, जबकि 23 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला होगा। इसके बाद भारतीय टीम 2 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगी। यदि भारतीय टीम सेमीफाइनल और फाइनल में पहुंचती है, तो टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबले भी दुबई में ही खेले जाएंगे।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews