
इस समय बेंगलुरु में महाराजा ट्रॉफी 2025 का जादू छाया हुआ है। वहीं, इस बड़े टूर्नामेंट में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाड़ी लवनीत सिसोदिया ने कमाल की बल्लेबाजी से सभी को आकर्षित कर दिया। दरअसल, उन्होंने गुलबर्गा मिस्टिक्स की ओर से खेलते हुए मैसूर वॉरियर्स के खिलाफ चार गेंदों पर लगातार चार छक्के लगाए। मनीष पांडे की मैसूर वॉरियर्स के खिलाफ सिसोदिया तूफान बनकर आए और मात्र 13 गेंदों में 37 रन बना डाले।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि लवनीत सिसोदिया ने अपनी पारी की पहली चार गेंदों पर ही शानदार छक्के जड़ दिए और मैच का पूरा रुख बदल दिया। अब इस खिलाड़ी की खूब चर्चा हो रही है और सोशल मीडिया पर उनके छक्कों के वीडियो वायरल हो रहे हैं।
आईपीएल 2025 में नहीं मिला खेलने का मौका
दरअसल आईपीएल 2025 में यह खिलाड़ी कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम का हिस्सा था। 25 साल के बल्लेबाज लवनीत सिसोदिया को उस सीजन में एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला। हालांकि, महाराजा ट्रॉफी 2025 में जब उन्हें मौका मिला तो उन्होंने इसे शानदार तरीके से भुनाया और सभी को हैरान कर दिया। दरअसल, मैसूर वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 210 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा था। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए लवनीत सिसोदिया ने शानदार बल्लेबाजी की और कृष्णप्पा गौतम की पहली चार गेंदों पर चार छक्के जड़ दिए।
मात्र इतने ओवर में लक्ष्य कर लिया हासिल
लवनीत के छक्कों का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। यह वीडियो स्टार स्पोर्ट्स कन्नड़ द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया गया था। कुछ ही समय में इस वीडियो ने लाखों व्यूज़ हासिल कर लिए। सिसोदिया की पारी पर नज़र डाली जाए तो उन्होंने कुल 37 रन बनाए, जिसमें एक चौका और पांच शानदार छक्के शामिल रहे। मैसूर वॉरियर्स द्वारा दिए गए 210 रनों के लक्ष्य को सिसोदिया की पारी की बदौलत उनकी टीम ने केवल तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया और मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया।
हालांकि, सिसोदिया के अलावा प्रवीण दुबे ने मात्र 19 गेंदों पर 53 रन बना डाले। उन्होंने 278.95 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। अब देखना होगा कि आईपीएल 2026 में क्या कोई टीम लवनीत सिसोदिया को अपने साथ जोड़ना चाहेगी या नहीं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

