राष्ट्रीय खेल दिवस: तीन दिवसीय खेल एवं फिटनेस महोत्सव के माध्यम से मेजर ध्यानचंद को याद करेगा मध्य प्रदेश

माना जा रहा है कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ के आह्वान को जन-आंदोलन का रूप देने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।
Major Dhyanchand

हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस को राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त पर मध्य प्रदेश उन्हें इस बार अलग तरीके से याद करेगा, उन्हें श्रद्धांजलि देगा। इस बार मेजर ध्यानचंद की 120वीं जयंती पर तीन दिवसीय खेल एवं फिटनेस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को राजधानी भोपाल स्थित मेजर ध्यानचंद हॉल, तात्या टोपे स्टेडियम में विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में खेलों को नई पहचान मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में खिलाड़ियों को उत्कृष्ट सुविधाएं और विश्वस्तरीय अधोसंरचना उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं है, बल्कि नागरिकों में खेल और फिटनेस के प्रति सकारात्मक भावना जागृत करना और उन्हें सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

313 विकासखण्डों में होंगे आयोजन

खेल मंत्री ने कहा कि 29 से 31 अगस्त तक प्रदेश के सभी 313 विकासखण्डों में विविध खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विकासखण्ड स्तर पर प्रतियोगिताएं और मैत्री मैच आयोजित करें तथा व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कर अधिकतम नागरिकों को इस अभियान से जोड़े।सारंग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े खेल संघों के वरिष्ठ पदाधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने खेलों से संबंधित प्रतियोगिताओं, कार्यशालाओं और जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करें।

मुख्यमंत्री दिलाएंगे “फिट इंडिया” शपथ  

शुक्रवार 29 अगस्त को सुबह 7:30 बजे भोपाल में मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर ‘फिट इंडिया’ शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद “एक घंटा खेल के मैदान में” अभियान के अंतर्गत योग, फुटबॉल, एथलेटिक्स, जूडो, बैडमिंटन और बॉक्सिंग जैसे खेलों का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शाम 4 बजे म.प्र. हॉकी अकादमी परिसर में एमपी हॉकी टीम बनाम रेलवे टीम के बीच रोमांचक हॉकी मैच में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर पूर्व खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

प्रदेश में खेल संस्कृति मजबूत होगी

मंत्री सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश में तीन दिवसीय महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं बल्कि ‘खेलो इंडिया, फिट रहो इंडिया’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक जनांदोलन है। इससे प्रदेश में खेल संस्कृति मजबूत होगी और नागरिकों में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक माहौल बनेगा।

तीन दिवसीय महोत्सव की गतिविधियां

प्रथम दिवस 29 अगस्त 2025

  • सुबह 7:00 बजे – मेजर ध्यानचंद को पुष्पांजलि एवं फिट इंडिया शपथ (टीटी नगर स्टेडियम, भोपाल)।
  • सुबह 8:00–9:00 बजे – एक घंटा खेल के मैदान में (योगा, फुटबॉल, एथलेटिक्स, जूडो, बैडमिंटन, बॉक्सिंग आदि)।
  • शाम 4:00 बजे – हॉकी मैच (एमपी हॉकी टीम बनाम रेलवे टीम) एवं पूर्व खिलाड़ियों का सम्मान। स्थान- हॉकी अकादमी

द्वितीय दिवस 30 अगस्त 2025

  • सुबह 10:30 बजे – खेल विषयों पर सेमिनार
  • मोटिवेशनल स्पीकर एवं पूर्व क्रिकेटर : मदनलाल
  • स्पोर्ट्स इंजरी पर जानकारी – डॉक्टर मनोज नागर (प्रसिद्ध स्पोर्ट्स सर्जन
  • मनोविज्ञान- डॉ संजना किरन (हाइपरफ़ॉर्मन्स स्पोर्ट्स साइकोलॉजिस्ट)
  • एंटी-डोपिंग जागरूकता शशिकांत भारद्वाज (डोप कंट्रोल ऑफिसर, नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी) स्थान- नर्मदा क्लब, भोपाल
  • दोपहर 3:00 बजे – महिला फुटबॉल मैच (सरदारपुर बनाम विचारपुर टीम)। स्थान- टीटी नगर स्टेडियम, भोपाल

तृतीय दिवस 31 अगस्त 2025

  • सुबह 08:30 बजे – “संडे ऑन साइकिल” (5 किमी रूट, राजा भोज प्रतिमा, बड़ा तालाब से वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी) का आयोजन किया जाएगा।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews