विराट कोहली के जूते पहनकर नितीश कुमार रेड्डी ने जड़ा था मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर शानदार शतक

नीतीश कुमार रेड्डी, जो आईपीएल 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम से खेलते हुए नजर आएंगे, आईपीएल से पहले एक बड़ा खुलासा किया है। यह खुलासा विराट कोहली को लेकर किया गया है।
विराट कोहली के जूते पहनकर नितीश कुमार रेड्डी ने जड़ा था मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर शानदार शतक

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की सीरीज के दौरान भारतीय क्रिकेटर नीतीश कुमार रेड्डी ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। दरअसल, इस खिलाड़ी ने ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों को परेशान कर दिया था। एक तरफ जहां भारत के सभी दिग्गज खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों के आगे मुश्किल स्थिति में दिखाई दे रहे थे, तो दूसरी ओर नीतीश कुमार रेड्डी इन बड़े-बड़े गेंदबाजों को चौके और छक्के लगा रहे थे। उनके शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें भारतीय टीम में T20 सीरीज के लिए भी रखा गया था।

अब नीतीश कुमार रेड्डी आईपीएल 2025 की तैयारी में जुट गए हैं, लेकिन आईपीएल 2025 के मैच शुरू होने से पहले उन्होंने एक बड़ा खुलासा किया है। दरअसल, उन्होंने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान का एक किस्सा शेयर किया है।

मैंने अगले ही मैच में उन जूतों को पहनकर शतक जड़ा : नीतीश कुमार रेड्डी

बता दें कि बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की सीरीज के दौरान नीतीश कुमार रेड्डी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर शानदार शतक जड़ा था। अब उन्होंने खुलासा किया है कि उस दौरान उन्होंने विराट कोहली के जूते पहने थे। उन्होंने विराट कोहली के जूते पहनकर ही यह पारी खेली थी और शतक जड़ा था। इसे लेकर एक यूट्यूब पॉडकास्ट पर नीतीश कुमार रेड्डी ने कहा, “लॉकर रूम में एक बार विराट कोहली ने सरफराज खान से यह पूछा कि उनके जूते का साइज क्या है, तो सरफराज ने कहा कि 9 नंबर। विराट ने उसके बाद मेरी तरफ देखा, मैं सोचने लगा कि क्या मेरे साथ यह सच में होने वाला है? वे जूते मेरे साइज के हों या न हों, मुझे वह जरूर चाहिए थे। मैंने अपना साइज बताते हुए कहा 10, तभी विराट ने जूते मुझे दे दिए। मैंने अगले ही मैच में उन जूतों को पहनकर शतक जड़ा था।”

आईपीएल 2025 में आएंगे नजर

नीतीश कुमार रेड्डी ने इस खुलासे के बाद कहा कि मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेली गई इस शानदार पारी के बाद सभी टीम मेंबर्स ने उन्हें बधाई दी थी, लेकिन उन्हें सिर्फ एक ही व्यक्ति का इंतजार था विराट कोहली। जब विराट कोहली उनके पास आए और बोले कि वह बहुत अच्छा खेले, तो वह पल उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण था। बता दें कि नीतीश कुमार रेड्डी को इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई T20 सीरीज में चोट लग गई थी, जिसके चलते वह NCA में रिहैब से गुजर रहे थे। हालांकि, हाल ही में खबर सामने आई है कि वह आईपीएल 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। अब उनकी चोट एकदम ठीक हो गई है और बीसीसीआई की ओर से उन्हें क्लीन चिट दी गई है। उन्होंने यो-यो टेस्ट पास कर लिया है। बता दें कि हैदराबाद की टीम ने उन्हें मौजूदा आईपीएल के लिए 6 करोड़ रुपए में रिटेन किया है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews