
इस साल भारत में एकदिवसीय महिला वर्ल्ड कप खेला जाएगा। इसके लिए ज्यादातर देशों ने अपने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। भारत ने भी हाल ही में स्क्वाड घोषित किया था, वहीं अब इंग्लैंड ने भी अपने 15 सदस्यीय स्क्वाड का ऐलान किया है। इंग्लैंड ने बड़े टूर्नामेंट में टीम की कमान एक बार फिर नेट साइवर-ब्रंट को सौंपी है। लंबे समय से नेट साइवर इंग्लैंड की कप्तानी कर रही हैं और बड़े टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करती रही हैं।
इंग्लैंड के इस स्क्वाड में हीदर नाइट, डैनी व्याट-हॉज और सारा ग्लेन जैसे सीनियर खिलाड़ी मौजूद हैं। हालांकि इसी साल हीदर नाइट को हैमस्ट्रिंग की चोट का सामना करना पड़ा था, लेकिन वह अब पूरी तरह फिट हैं और वर्ल्ड कप के लिए इंग्लैंड के स्क्वाड में जगह दी गई है।
इंग्लैंड की कप्तान का पहला ICC टूर्नामेंट
दरअसल भारत में होने वाले वर्ल्ड कप 2025 की शुरुआत 30 सितंबर से होगी, जो 2 नवंबर तक खेला जाएगा। हालांकि इंग्लैंड की कप्तान नेट साइवर-ब्रंट के लिए यह पहला बड़ा ICC टूर्नामेंट होगा। साथ ही कोच शेव्रले एडवर्ड्स के लिए भी यह पहला ICC टूर्नामेंट होने वाला है। डैनी व्याट-हॉज हाल ही में भारत के खिलाफ खेली गई सीरीज को मिस कर गई थीं, लेकिन अब उनकी वर्ल्ड कप स्क्वाड में वापसी हुई है। इंग्लैंड की टीम संतुलित नजर आ रही है और इसमें चार स्पिनरों को शामिल किया गया है।
टीम में चार स्पिनरों को जगह दी
महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 की मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से कर रहे हैं। इन दोनों ही देशों की पिचों पर स्पिनर्स को अच्छी मदद मिलती है। इसी वजह से इंग्लैंड की टीम ने स्क्वाड में चार स्पिनरों को जगह दी है। बता दें कि इस बड़े टूर्नामेंट का शेड्यूल पहले ही जारी किया जा चुका था। हाल ही में इसमें बदलाव हुआ है। दरअसल, बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में मुकाबले नहीं कराए जाने का फैसला लिया गया था। हालांकि अब नए मैदान के ऐलान के बाद इंग्लैंड के मैच और पूरे शेड्यूल की पुष्टि हो सकेगी।
ODI वर्ल्ड कप 2025 के लिए इंग्लैंड का स्क्वाड इस प्रकार है:
नेट साइवर-ब्रंट (कप्तान), सोफी एक्लेस्टोन, एमी जोन्स, टैमी ब्यूमोंट, हीदर नाइट, डैनी व्याट-हॉज, चार्ली डीन, लॉरेन बेल, सोफी डंकले, एम अर्लट, लिंसे स्मिथ, सारा ग्लेन, एम्मा लैम्ब, एलिस कैप्सी, लॉरेन फाइलर।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

