क्या अब भी साई सुदर्शन से ऑरेंज कैप छीन पाएगा कोई? इस खिलाड़ी के पास है बड़ा मौका!

आईपीएल 2025 में ऑरेंज कैप की रेस रोमांचक मोड़ पर आ गई है। साई सुदर्शन 759 रनों के साथ टॉप पर हैं, लेकिन सूर्यकुमार यादव का फॉर्म उन्हें चुनौती दे सकता है। दूसरी ओर, पर्पल कैप फिलहाल प्रसिद्ध कृष्णा के पास है, मगर हेजलवुड, बुमराह और बोल्ट जैसे दिग्गज अभी भी दौड़ में बने हुए हैं।
Orange Cap

आईपीएल 2025 का एलिमिनेटर मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 20 रनों से हराकर क्वॉलीफायर-2 में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं इस जीत के साथ ही मुंबई को फाइनल के और करीब पहुंचने का मौका मिला, ऑरेंज कैप की होड़ भी तेज हो गई। साई सुदर्शन और प्रसिद्ध कृष्णा ने इस मुकाबले में ऑरेंज और पर्पल कैप की रेस को नया मोड़ दे दिया है।

दरअसल इस सीजन में साई सुदर्शन ने लगातार रन बनाकर खुद को ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे कर लिया है। गुजरात की तरफ से खेलते हुए उन्होंने 759 रन बनाए हैं, जिसमें एलिमिनेटर में खेली गई 80 रनों की पारी भी शामिल है। हालांकि उनकी टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है, इसलिए उनके पास रन बढ़ाने का मौका नहीं है। ऐसे में अगर सूर्यकुमार यादव अपनी मौजूदा फॉर्म को बरकरार रखते हैं और मुंबई की टीम फाइनल तक पहुंचती है, तो वह साई को पछाड़ सकते हैं। सूर्या के अभी 673 रन हैं और दो मुकाबले बचे हैं।

ऑरेंज कैप की रेस में कौन मारेगा बाजी?

वहीं विराट कोहली के भी 614 रन हैं, लेकिन उन्हें ऑरेंज कैप तक पहुंचने के लिए कोई खास पारी खेलनी होगी, जो आसान नहीं होगा। दरअसल ऑरेंज कैप की रेस पूरी तरह से साई सुदर्शन और सूर्यकुमार यादव के बीच फंसी नजर आ रही है। सुदर्शन जहां पूरे टूर्नामेंट में जबर्दस्त फॉर्म में रहे, वहीं सूर्यकुमार ने प्लेऑफ जैसे बड़े मंच पर अपनी क्लास दिखाई है। यदि मुंबई इंडियंस पंजाब किंग्स को हराकर फाइनल में जाती है, तो सूर्यकुमार के पास दो मुकाबले होंगे और उनके खेलने के अंदाज को देखते हुए 86 रन बनाना मुश्किल नहीं लगता। वहीं विराट कोहली की टीम का मात्र एक मैच बाकी है, और उन्हें ऑरेंज कैप की दौड़ में आने के लिए 145+ रनों की जरूरत होगी, जो इस स्टेज पर बहुत मुश्किल टारगेट है। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ऑरेंज कैप का ताज सुदर्शन के सिर पर रहता है या सूर्या उसे छीन ले जाते हैं।

पर्पल कैप की रेस में प्रसिद्ध कृष्णा आगे

वहीं दूसरी और गुजरात के खिलाफ एलिमिनेटर में प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट लेकर कुल 25 विकेट पूरे किए और पर्पल कैप अपने नाम कर ली है। उन्होंने नूर अहमद को पीछे छोड़ते हुए टॉप पर कब्जा किया है। हालांकि गुजरात की टीम अब बाहर हो चुकी है, ऐसे में प्रसिद्ध के पास विकेट बढ़ाने का कोई मौका नहीं रहेगा। दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस के ट्रेंट बोल्ट (20 विकेट), जसप्रीत बुमराह (18 विकेट) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के जोश हेजलवुड (22 विकेट) इस रेस में मजबूती से टिके हुए हैं। अगर इनमें से कोई भी खिलाड़ी 3-4 विकेट झटक ले, तो प्रसिद्ध कृष्णा को पीछे छोड़ सकता है। हैजलवुड अगर फाइनल मुकाबले में ४ विकेट ले लेते हैं तो वह ये कैप जीत लेंगे।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews