पाकिस्तान चैंपियंस ने WCL 2025 में किया बड़ा उलटफेर, साउथ अफ्रीका चैंपियंस को हराकर इस जगह पहुंची टीम

पाकिस्तान चैंपियंस ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड 2025 के टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर कर दिया है। दरअसल, पाकिस्तान चैंपियंस ने साउथ अफ्रीका चैंपियंस को 31 रनों से हरा दिया है। चलिए जानते हैं अब इस मैच का असर इस बड़े टूर्नामेंट के पॉइंट्स टेबल पर कितना पड़ने वाला है।
पाकिस्तान चैंपियंस ने WCL 2025 में किया बड़ा उलटफेर, साउथ अफ्रीका चैंपियंस को हराकर इस जगह पहुंची टीम

बीते दिन वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड 2025 के टूर्नामेंट के नौवें मुकाबले में पाकिस्तान चैंपियंस ने शानदार जीत हासिल की। टीम ने दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस को ले सिस्टम में खेले गए मुकाबले में 31 रनों से हरा दिया। इस मैच के हीरो पाकिस्तान के उमर अमीन बने। उमर अमीन ने मात्र 42 गेंदों में 138.09 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 58 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। उमर अमीन के बल्ले से इस पारी में चार चौके और तीन शानदार छक्के निकले।

उमर अमीन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड भी जीत लिया। बता दें कि साउथ अफ्रीका चैंपियंस अब तक इस टूर्नामेंट में एक भी मुकाबला नहीं हारी थी, लेकिन पाकिस्तान चैंपियंस ने यह मैच जीतकर इस टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर कर दिया है।

जानिए मैच का पूरा हाल

दरअसल, पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका चैंपियंस के बीच खेले गए इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय किया था। जिसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 198 रन बनाए। इसके बाद यह अंदाजा लगाया जा रहा था कि साउथ अफ्रीका चैंपियंस इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लेगी। पाकिस्तान की ओर से उमर अमीन ने शानदार बल्लेबाजी की, वहीं शोएब मलिक भी शानदार फॉर्म में दिखाई दिए। शोएब मलिक ने 34 गेंदों में 46 रनों की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 135.29 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। दोनों ही बल्लेबाजों ने पाकिस्तान को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। पाकिस्तान की ओर से आसिफ अली ने मात्र 11 गेंदों में 23 रनों की जबरदस्त पारी खेली, जबकि शारजील खान ने 11 गेंदों में 19 रन बनाए।

साउथ अफ्रीका चैंपियंस नहीं कर पाई लक्ष्य का पीछा

वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम मात्र 167 रनों तक ही पहुंच पाई। दरअसल, साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए। हालांकि इस दौरान साउथ अफ्रीका चैंपियंस के मोर्ने वैन ने 20 गेंदों में 44 रनों की विस्फोटक नाबाद पारी खेली, हालांकि वह टीम को जीत नहीं दिला सके। पाकिस्तान की ओर से सोहेल तनवीर और मोहम्मद हफीज ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि इमाद वसीम, सोहेल खान, शोएब मलिक और वहाब रियाज के खाते में भी एक-एक महत्वपूर्ण विकेट आया। बता दें कि साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी में ड्वेन ओलिवियर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो सफलताएं हासिल कीं।

पॉइंट्स टेबल पर डालें नजर

हालांकि इस गेम के चलते अब प्वाइंट्स टेबल में पाकिस्तान चैंपियंस की टीम दूसरे स्थान पर पहुंच चुकी है। पाकिस्तान चैंपियंस के अब कुल चार अंक हो चुके हैं। हालांकि हार के बावजूद साउथ अफ्रीका चैंपियंस पहले नंबर पर बनी हुई है। बता दें कि इस समय भारत चैंपियंस एक अंक के साथ सबसे नीचे स्थान पर मौजूद है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews