Paris Olympics 2024: गोल्ड से चूके नीरज चोपड़ा, सिल्वर मेडल जीतकर बनाया रिकॉर्ड, पाकिस्तान के अरशद नदीम ने रचा इतिहास

Paris Olympics 2024: पेरिस ओलंपिक 2024 में खेले गए मेंस जैवलिन थ्रो इवेंट के फाइनल में पाकिस्तान के अरशद नदीम ने ओलंपिक रिकॉर्ड बनाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। वहीं भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा ने सिल्वर मेडल जीतकर एक नया रिकॉर्ड बनाया है।
Paris Olympics 2024: गोल्ड से चूके नीरज चोपड़ा, सिल्वर मेडल जीतकर बनाया रिकॉर्ड, पाकिस्तान के अरशद नदीम ने रचा इतिहास

Paris Olympics 2024: भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक 2024 में अपने बेहतरीन प्रदर्शन के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया है। दरअसल टोक्यो ओलंपिक 2020 में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन करने वाले नीरज इस बार स्वर्ण पदक से चूक गए, लेकिन उन्होंने अपने करियर का दूसरा ओलंपिक पदक जीतकर इतिहास रच दिया। हालांकि सभी फैंस नीरज से गोल्ड मेडल की उम्मीद कर रहे थे। वहीं पेरिस ओलंपिक 2024 के गोल्ड मेडल पर पाकिस्तान के अरशद नदीम ने कब्जा किया।

दरअसल पेरिस ओलंपिक 2024 में पाकिस्तान के जेवलिन थ्रोअर अरशद नदीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 92.97 मीटर की अविश्वसनीय थ्रो के साथ नया ओलंपिक रिकॉर्ड कायम किया। जानकारी दे दें कि अरशद की यह थ्रो ओलंपिक इतिहास में सबसे लंबा भाला फेंकने की दूरी का नया रिकॉर्ड बन गया है।

अरशद नदीम ने 16 साल पुराने ओलंपिक रिकॉर्ड को ध्वस्त किया

जानकारी के अनुसार अरशद नदीम की 92.97 मीटर की शानदार थ्रो ने 16 साल पुराना ओलंपिक रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले, नॉर्वे के एंड्रियास थोरकिल्डसेन ने 2008 के बीजिंग ओलंपिक में 90.57 मीटर भाला फेंककर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था। अरशद ने इस नई दूरी के साथ न केवल रिकॉर्ड तोड़ा बल्कि इतिहास में अपना नाम भी दर्ज करवा लिया।

सिल्वर मेडल जीतकर नीरज चोपड़ा ने रचा नया इतिहास

आपको बता दें कि नीरज चोपड़ा का फाइनल मुकाबला काफी उतार-चढ़ाव से भरा रहा। पहले प्रयास में फाउल के बाद, उन्होंने दूसरे प्रयास में 89.45 मीटर की थ्रो कर सिल्वर मेडल सुनिश्चित किया। हालांकि, इसके बाद के चार प्रयासों में उनका थ्रो फाउल हो गया, जिससे वह गोल्ड मेडल हासिल करने में असफल रहे।

दरअसल नीरज चोपड़ा अब भारत के सबसे सफल ओलंपियन बन गए हैं। उनसे पहले सुशील कुमार और पीवी सिंधु ने दो-दो व्यक्तिगत ओलंपिक पदक जीते हैं, लेकिन उनमें से कोई भी गोल्ड मेडल नहीं जीत सका था। नीरज ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर खुद को भारत के सबसे सफल एथलीटों में शुमार कर लिया है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews