रविचंद्रन अश्विन ने लिया IPL से संन्यास, कहा – ‘हर अंत एक नई शुरुआत, दुनिया की अलग-अलग लीग्स में हिस्सा बनूंगा….

भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने बड़ा फैसला लेते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को अलविदा कह दिया है। दरअसल, उन्होंने साफ कर दिया कि वह आईपीएल में अब नहीं खेलेंगे, लेकिन दुनिया भर की T20 फ्रेंचाइज़ी लीग्स के लिए उनका दरवाजा खुला रहेगा।
रविचंद्रन अश्विन ने लिया IPL से संन्यास, कहा - 'हर अंत एक नई शुरुआत, दुनिया की अलग-अलग लीग्स में हिस्सा बनूंगा....

रविचंद्रन अश्विन अब आईपीएल (IPL) में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। अश्विन ने अचानक सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली और इसमें साफ कर दिया कि वह आईपीएल में नहीं खेलेंगे, बल्कि दुनिया भर में चल रही तमाम T20 फ्रेंचाइज़ी लीग्स को एक्सप्लोर करेंगे। अब भारतीय फैंस के मन में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं कि आखिर रविचंद्रन अश्विन आईपीएल में क्यों नहीं खेलना चाहते हैं। बता दें कि इससे पहले भी अश्विन ने अचानक इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।

याद दिला दें कि 2024 में खेली गई बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गाबा टेस्ट के बाद रविचंद्रन अश्विन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा था। हालांकि उस दौरान उन्होंने आईपीएल में खेलते रहने की बात कही थी, लेकिन अब आने वाले सीजन से वह आईपीएल में भी खेलते हुए नजर नहीं आएंगे।

क्या हो सकता है कारण?

बता दें कि आखिरी बार रविचंद्रन अश्विन ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए क्रिकेट खेला। आईपीएल 2025 में चेन्नई के लिए उन्होंने जो मैच खेले, उनमें 7 विकेट लिए और 33 रन बनाए। आईपीएल 2025 उनके लिए ज्यादा अच्छा नहीं रहा। इसके बाद यह भी खबरें वायरल हो रही थीं कि रविचंद्रन अश्विन को CSK की टीम से निकाला जा सकता है। हाल ही में अश्विन ने एक बड़ा खुलासा भी किया था। दरअसल, उन्होंने बताया था कि डेवाल्ड ब्रेविस को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने टेबल के नीचे से डील की है और खिलाड़ी को ज्यादा पैसे दिए गए हैं। हालांकि इस मामले में उन्होंने सफाई भी दी थी।

शानदार रहा IPL करियर

38 साल के रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल में कुल 221 मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 187 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने 7.20 की इकॉनमी से गेंदबाजी की। इतना ही नहीं, अश्विन ने बल्ले से भी खूब कमाल किया। आईपीएल में अश्विन ने 98 पारियों में 833 रन बनाए। बता दें कि वह आईपीएल में कुल पांच टीमों के लिए खेल चुके हैं, जिनमें चेन्नई सुपर किंग्स, पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की टीमें शामिल हैं। हालांकि अब आने वाले सीजन से वह इंडियन प्रीमियर लीग में नजर नहीं आएंगे।

वहीं, संन्यास का ऐलान करते हुए अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा – “आज मेरे लिए खास दिन है और यह एक नई शुरुआत भी है। हर अंत एक नई शुरुआत लाता है। मेरा आईपीएल करियर अब खत्म हो रहा है, लेकिन अब मैं दुनिया की अलग-अलग लीग्स में एक्स्प्लोर करूँगा। नया सफर शुरू कर रहा हूं।”

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews