सौराष्ट्र से रणजी ट्रॉफी खेलेंगे रविंद्र जडेजा, 23 जनवरी को होने वाले मुकाबले में खेल सकते हैं

रविंद्र जडेजा लंबे समय बाद डोमेस्टिक क्रिकेट खेल सकते हैं। सौराष्ट्र की टीम के साथ वे राजकोट में होने वाले मुकाबले में जुड़ सकते हैं। अगर रविंद्र जडेजा 23 जनवरी को होने वाले मुकाबले में खेलते हैं, तो ऋषभ पंत और जडेजा आमने-सामने होंगे।
सौराष्ट्र से रणजी ट्रॉफी खेलेंगे रविंद्र जडेजा, 23 जनवरी को होने वाले मुकाबले में खेल सकते हैं

भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा डोमेस्टिक क्रिकेट खेल सकते हैं। रविवार की सुबह रविंद्र जडेजा ने सौराष्ट्र के साथ रणजी ट्रॉफी के लिए प्रैक्टिस की। इस प्रैक्टिस सेशन में उन्होंने बैटिंग और बॉलिंग दोनों में हाथ आजमाया। लंबे समय से चर्चा थी कि रविंद्र जडेजा रणजी ट्रॉफी में सौराष्ट्र की ओर से खेल सकते हैं। सौराष्ट्र 23 जनवरी को राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में दिल्ली के खिलाफ मुकाबला खेलने वाली है। रविंद्र जडेजा और ऋषभ पंत इस मैच में आमने-सामने खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं।

हालांकि, अभी तक सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से इसे लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन रविंद्र जडेजा के खेलने की पूरी संभावना जताई जा रही है। यदि रविंद्र जडेजा सौराष्ट्र के साथ रणजी ट्रॉफी खेलते हैं, तो वे 2023 के बाद रणजी ट्रॉफी का कोई मैच खेलेंगे।

चैंपियंस ट्रॉफी से पहले रविंद्र जडेजा के लिए घरेलू क्रिकेट महत्वपूर्ण

दरअसल, रविंद्र जडेजा ने आखिरी बार जनवरी 2023 में चेन्नई में तमिलनाडु के खिलाफ मुकाबला खेला था। रविंद्र जडेजा को चैंपियंस ट्रॉफी की स्क्वाड में शामिल किया गया है। ऐसे में चैंपियंस ट्रॉफी से पहले रविंद्र जडेजा के लिए घरेलू क्रिकेट बेहद महत्वपूर्ण रहेगा। पिछले कुछ समय से रविंद्र जडेजा का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। ऐसे में अब सौराष्ट्र की टीम के साथ जुड़कर जडेजा चैंपियंस ट्रॉफी से पहले अपने अनुभव को और बढ़ा सकते हैं। पिछले कुछ टूर्नामेंट्स में जडेजा का बल्ला शांत नजर आया था, जबकि गेंदबाजी में भी उन्होंने खास प्रदर्शन नहीं किया था। इसके बाद बतौर सीनियर खिलाड़ी होने के चलते जडेजा पर प्रदर्शन को लेकर सवाल उठे थे।

कैसा है रविंद्र जडेजा का फर्स्ट क्लास करियर

रविंद्र जडेजा के फर्स्ट क्लास करियर पर नजर डाली जाए तो अब तक उन्होंने कुल 135 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिनमें जडेजा ने 7466 रन बनाए हैं और 542 विकेट अपने नाम किए हैं। वहीं, जडेजा ने अब तक 250 लिस्ट ए मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 3805 रन बनाए हैं और 284 विकेट अपने नाम किए हैं। टी20 में जडेजा ने 332 डोमेस्टिक मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 3684 रन बनाए हैं और 225 विकेट हासिल किए हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews