ऋषभ पंत की चोट पर आई बड़ी अपडेट, भारत को लगा बड़ा झटका! जानिए मैच का अब तक का हाल

भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच में ऋषभ पंत को बुरी तरह चोट लग गई। चौथा टेस्ट मैच का पहला दिन खेल के हिसाब से भारत के लिए अच्छा रहा, लेकिन ऋषभ पंत का चोटिल होना भारत के लिए परेशानी लेकर आया है।
ऋषभ पंत की चोट पर आई बड़ी अपडेट, भारत को लगा बड़ा झटका! जानिए मैच का अब तक का हाल

भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले दिन भारत ने शानदार शुरुआत की। दरअसल, ओपनिंग करने आए यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल लंबे समय तक मैदान पर टिके रहे। पहले विकेट के लिए दोनों खिलाड़ियों ने 94 रनों की साझेदारी की। हालांकि केएल राहुल 46 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। राहुल ने कुल 98 गेंदों का सामना किया, जिसमें चार चौके लगाए।

94 के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिर गया। ऐसे में भारत को बड़ी साझेदारी की उम्मीद थी। इसी उम्मीद के साथ साई सुदर्शन मैदान पर उतरे। यशस्वी जायसवाल और सुदर्शन ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को खूब परेशान किया। हालांकि यशस्वी 58 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर पवेलियन लौट गए।

मैच का पूरा हाल जानिए

लेकिन दोनों ही खिलाड़ी बड़ी पार्टनरशिप करने में नाकाम रहे। जायसवाल का विकेट भारत को संकट में ले आया। दरअसल, जायसवाल के बाद मैदान में कप्तान शुभमन गिल उतरे, लेकिन वह भी मात्र 12 रन के स्कोर पर इंग्लैंड के कप्तान का शिकार बन गए। ऐसे में भारतीय बिगड़ी हुई पारी को संभालने के लिए ऋषभ पंत मैदान पर उतरे। साई सुदर्शन और ऋषभ पंत ने शानदार खेल दिखाया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 72 रनों की बड़ी साझेदारी की और भारत के स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया। हालांकि साई सुदर्शन 61 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। साई सुदर्शन ने कुल 151 गेंदों का सामना किया, जिसमें उन्होंने सात चौके लगाए।

ऋषभ पंत की चोट पर आया अपडेट

भारत के लिए सबसे बड़ी परेशानी की वजह ऋषभ पंत बने। दरअसल, ऋषभ पंत शानदार फॉर्म में दिखाई दे रहे थे, लेकिन 37 के स्कोर पर ऋषभ पंत चोटिल हो गए। दरअसल, ऋषभ पंत के दाएं पैर के पंजे पर बुरी तरह चोट लग गई, जिसके चलते उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। उनके जूते पर क्रिस वोक्स की जोरदार गेंद लगी, जिससे वह बुरी तरह चोटिल हो गए। उन्हें स्ट्रेचर पर ले जाया गया। इसके बाद ऋषभ पंत का मेडिकल परीक्षण करवाया गया। दिन का खेल खत्म होने के बाद बीसीसीआई ने इसे लेकर जानकारी दी। बीसीसीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा कि मैनचेस्टर टेस्ट के पहले दिन बल्लेबाजी करते हुए ऋषभ पंत के दाहिने पैर में चोट लग गई है। उन्हें स्टेडियम से स्कैन के लिए ले जाया गया है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी हालत पर नजर रखे हुए है। बता दें कि पहले दिन भारतीय टीम ने 264 रन बनाए हैं और चार विकेट खोए हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews