इन दो खिलाड़ी ने BCCI की सिलेक्शन कमेटी की खोली आंखें! एक ने बनाए 184 रन तो दूसरे ने बड़े खिलाड़ियों को भेजा पवेलियन

दलीप ट्रॉफी 2025 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में पहले दिन वेस्ट जोन की टीम ने 363 रन बना लिए हैं। टीम की ओर से तनुष कोटियन 65 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और क्रीज पर नज़रें जमा चुके हैं। वहीं सेंट्रल जोन की ओर से सारांश जैन ने शानदार गेंदबाजी की। सारांश जैन ने दो अहम विकेट हासिल किए हैं।
इन दो खिलाड़ियों ने BCCI की सिलेक्शन कमेटी की खोली आंखें! एक ने बनाए 184 रन तो दूसरे ने बड़े खिलाड़ियों को भेजा पवेलियन

दलीप ट्रॉफी 2025 के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले जा रहे हैं। दरअसल दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में अब दो खिलाड़ियों ने बीसीसीआई की सिलेक्शन कमिटी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। इनमें से एक ऐसा बल्लेबाज है जिसने 184 रन बनाकर अपनी काबिलियत साबित की है, तो वहीं दूसरा ऐसा गेंदबाज है जिसने दो बड़े बल्लेबाजों को आउट कर गेंदबाजी में कमाल करके दिखाया है। हाल ही में खेली गई इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में इन दोनों ही खिलाड़ियों को मौका नहीं दिया गया था। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प रहेगा कि क्या आने वाली बड़ी सीरीज में इन खिलाड़ियों को मौका मिलता है।

दरअसल दलीप ट्रॉफी भारतीय डोमेस्टिक क्रिकेट की सबसे बड़ी ट्रॉफियों में से एक होती है। बड़े-बड़े खिलाड़ी इस दौरान इस टूर्नामेंट में खेलते हुए नज़र आते हैं। बता दें कि दलीप ट्रॉफी के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले जा रहे हैं। इस दौरान वेस्ट जोन और सेंट्रल जोन के बीच खेले जा रहे मुकाबले में भारतीय खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर भी वेस्ट जोन की टीम से खेल रहे हैं, लेकिन इन दोनों ही खिलाड़ियों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है।

ऋतुराज गायकवाड़ ने सभी को किया हैरान

वहीं इस दौरान एक बल्लेबाज ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। दरअसल वेस्ट जोन की ओर से बल्लेबाजी करते हुए ऋतुराज गायकवाड़ ने सभी को हैरान कर दिया। उन्होंने 206 गेंदों पर 184 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी पारी में ऋतुराज गायकवाड़ ने 25 चौके लगाए तो वहीं एक शानदार छक्का जड़ा। हालांकि ऋतुराज गायकवाड़ को सारांश जैन ने दोहरा शतक बनाने से रोक लिया। लेकिन अब सवाल यह है कि ऋतुराज गायकवाड़ लंबे समय से इसी तरह का प्रदर्शन कर रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें भारतीय टीम में मौका नहीं मिल रहा है। हाल ही में खेली गई इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी ऋतुराज गायकवाड़ को मौका नहीं मिला।

खलील अहमद ने दो अहम विकेट हासिल किए

वहीं दूसरे खिलाड़ी सेंट्रल जोन के खलील अहमद हैं। खलील अहमद ने वेस्ट जोन के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की है। बता दें कि खलील अहमद ने पहले दिन कुल 12 ओवर डाले। हालांकि उन्होंने 70 रन लुटाए, लेकिन दो अहम बल्लेबाजों को आउट किया। खलील अहमद ने सबसे पहले यशस्वी जायसवाल को मात्र चार रन के स्कोर पर निशाना बनाया, तो वहीं श्रेयस अय्यर को 25 रन के स्कोर पर बोल्ड किया। ऐसे में सोशल मीडिया पर अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या खलील अहमद को इंग्लैंड के खिलाफ मौका नहीं मिलना चाहिए था? खलील अहमद ने आईपीएल 2025 में भी शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मौका नहीं दिया गया।

मैच पर डालें नजर

मैच पर नज़र डाली जाए तो दलीप ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में वेस्ट जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 87 ओवर में 363 रन बना दिए। हालांकि टीम ने अपने 6 महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। पहले दिन का खेल खत्म होने तक क्रीज पर तनुष कोटियन 65 रन बनाकर और शार्दुल ठाकुर 24 रन बनाकर मौजूद थे।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews