
आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स ने एक बड़ी डील साइन की है। दरअसल दोनों टीमों ने दो बड़े खिलाड़ियों की अदला-बदली की है। अब संजू सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे जबकि रवींद्र जडेजा राजस्थान रॉयल्स से खेलेंगे। इसी बीच सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जा रहे थे। दावा था कि चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी अब संजू सैमसन को सौंपी जाएगी। संजू को इसी वजह से टीम ने ट्रेड डील में साइन किया है। हालांकि अब इस कप्तानी मामले में चेन्नई सुपर किंग्स ने बड़ा अपडेट दिया है और कप्तान को लेकर फैल रही इन खबरों पर विराम लगा दिया है।
चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से यह साफ किया गया है कि आने वाले सीजन में चेन्नई की कमान किस खिलाड़ी के हाथ में होगी। बता दें कि पिछले सीजन में ऋतुराज गायकवाड़ के चोटिल हो जाने के चलते महेंद्र सिंह धोनी ने ही कप्तानी की थी, जबकि पिछले 2 सालों से चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ के पास है। इसी वजह से सभी के मन में यह सवाल उठ रहा था कि क्या संजू सैमसन के टीम में शामिल होने से उन्हें कप्तानी मिलेगी।
आईपीएल 2026 में इस खिलाड़ी को मिलेगी टीम की कप्तानी
वहीं इस मामले को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स ने अब साफ कर दिया है। दरअसल चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से रिटेन प्लेयर्स की लिस्ट जारी की गई थी। 15 नवंबर तक सभी टीमों को अपने रिटेन प्लेयर्स की लिस्ट जारी करनी थी। चेन्नई द्वारा भी यह लिस्ट जारी कर दी गई है। शनिवार शाम को ही फ्रेंचाइजी द्वारा इन अटकलों पर विराम लगा दिया गया कि आईपीएल 2026 में टीम की कप्तानी कौन करेगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चेन्नई सुपर किंग्स द्वारा एक पोस्टर जारी किया गया था जिसमें चेन्नई ने कहा कि गायकवाड़ ही उनके अगले कप्तान होंगे। उन्होंने गायकवाड़ की एक फोटो पोस्ट करते हुए लिखा “रास्ता दिखाएं कप्तान ऋतुराज गायकवाड़।”
लॉन्ग-टाइम कप्तान के रूप में देख रही CSK
इसे साफ होता है कि चेन्नई सुपर किंग्स की टीम कप्तानी बदलने के विचार में नहीं है। हालांकि संजू सैमसन मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज के तौर पर टीम में शामिल हो सकते हैं, जबकि यह दावा भी किया जा रहा है कि महेंद्र सिंह धोनी के जाने से पहले टीम एक मजबूत विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर किसी खिलाड़ी को देख रही थी और संजू सैमसन वही चेहरा हैं। हालांकि यह देखना दिलचस्प रहेगा कि क्या आईपीएल 2026 में महेंद्र सिंह धोनी के साथ संजू सैमसन भविष्य की तैयारी करते हुए नजर आएंगे। बता दें कि राजस्थान के कप्तान के तौर पर संजू सैमसन ने लंबे समय तक काम किया है। साल 2022 में राजस्थान ने संजू सैमसन की कप्तानी में ही फाइनल मुकाबला खेला था। 2008 के बाद पहली बार टीम ने 2022 में फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि टीम मुकाबला जीत नहीं सकी थी, लेकिन संजू सैमसन एक बेहतरीन कप्तान बनकर उभरे हैं। ऐसे में चेन्नई उन्हें लॉन्ग-टाइम कप्तान के रूप में देख सकती है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

