कितने करोड़ की मालकिन हैं स्मृति मंधाना? क्रिकेट की नहीं, यहां से भी होती है कमाई

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना 18 जुलाई 2025 को अपना 29वां जन्मदिन मना रही हैं। वह खेल के साथ-साथ कमाई के मामले में भी सबसे आगे हैं। वह भारत के लिए अभी तक 263 मैच खेल चुकी हैं।
कितने करोड़ की मालकिन हैं स्मृति मंधाना? क्रिकेट की नहीं, यहां से भी होती है कमाई

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना आज, 18 जुलाई 2025 को अपना 29वां जन्मदिन मना रही हैं। बाएं हाथ की यह बल्लेबाज न केवल अपने शानदार खेल से वर्ल्ड क्रिकेट में छाई हुई हैं, बल्कि उनकी उपलब्धियां और कमाई ने भी उन्हें देश की सबसे प्रभावशाली महिला क्रिकेटरों में से एक बना दिया है। जब स्मृति ने 2013 में इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा था, तब शायद ही किसी ने सोचा था कि यह युवा खिलाड़ी रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा देगी। आज वह भारत की ओर से वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली खिलाड़ी हैं।

कितने करोड़ की मालकिन हैं स्मृति मंधाना?

स्मृति मंधाना की प्रतिभा केवल मैदान तक सीमित नहीं है; वह कमाई के मामले में भी टॉप पर हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी कुल नेटवर्थ 32 से 34 करोड़ रुपये के बीच है, जो उन्हें वर्ल्ड की सबसे अमीर महिला क्रिकेटरों में शुमार करती है। उनकी आय का प्रमुख स्रोत भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का ग्रेड A+ अनुबंध है, जिसके तहत उन्हें सालाना 50 लाख रुपये मिलते हैं। इसके अलावा, वह हर टेस्ट मैच के लिए 15 लाख, वनडे के लिए 6 लाख और टी20 के लिए 3 लाख रुपये की मैच फीस प्राप्त करती हैं।

विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में स्मृति रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की कप्तान हैं। 2023 के डब्ल्यूपीएल ऑक्शन में उन्हें 3.4 करोड़ रुपये में खरीदा गया, जो उन्हें इस लीग की सबसे महंगी खिलाड़ी बनाता है। 2024 में उनकी कप्तानी में आरसीबी ने पहली बार डब्ल्यूपीएल खिताब जीता, जिसमें स्मृति ने टूर्नामेंट की दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा, स्मृति कई बड़े ब्रांड्स जैसे रेड बुल, नाइके, हीरो मोटोकॉर्प, बाटा, गार्नियर और मास्टरकार्ड के साथ विज्ञापन करार से भी मोटी कमाई करती हैं। वह अपने गृहनगर सांगली में ‘SM18 स्पोर्ट्स कैफे’ की मालकिन भी हैं, जिसे उनके भाई श्रवण मंधाना संभालते हैं।

स्मृति का शानदार इंटरनेशनल करियर

स्मृति मंधाना ने अब तक 263 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिनमें 7 टेस्ट, 103 वनडे और 153 टी20 शामिल हैं। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 629 रन, वनडे में 4501 रन और टी20 में 3982 रन बनाए हैं। उनके खाते में कुल 14 शतक और 65 अर्धशतक हैं, जो उनकी निरंतरता और आक्रामक बल्लेबाजी का प्रमाण हैं। स्मृति भारत की पहली ऐसी महिला क्रिकेटर हैं, जिन्होंने तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) में शतक लगाया है। 2024 में उन्होंने चार वनडे शतक लगाकर इतिहास रचा, जो किसी भी महिला क्रिकेटर की ओर से एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा शतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews