
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और “दादा” के नाम से जाने जाने वाले सौरव गांगुली एक बार फिर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के अध्यक्ष बन गए हैं। 6 साल बाद उनकी इस पद पर वापसी हुई है। दरअसल, वह 2019 तक बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके थे। अब एक बार फिर इस पद को वही संभालेंगे। इसके अलावा सौरव गांगुली बीसीसीआई के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके पास ऐसी बड़ी जिम्मेदारी संभालने का गहरा अनुभव है।
वहीं अध्यक्ष बनने के बाद सौरव गांगुली ने बड़ा ऐलान कर दिया। दरअसल, उन्होंने अब ईडन गार्डन्स स्टेडियम की क्षमता को एक लाख तक बढ़ाने की बात कही है। जानकारी दें कि इस मैदान पर T20 वर्ल्ड कप 2026 के बड़े मुकाबले खेले जा सकते हैं। ऐसे में इसे देखते हुए सौरव गांगुली द्वारा यह निर्णय लिया जा सकता है।
94वीं बैठक में निर्विरोध जीते
दरअसल, सोमवार को क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल की 94वीं बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में सौरव गांगुली निर्विरोध चुनाव जीत गए, जिसके चलते वह एक बार फिर अध्यक्ष बन गए हैं। उन्होंने 2015 से 2019 तक क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के अध्यक्ष का पद संभाला था। इसके अलावा सौरव गांगुली बीसीसीआई के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। बीसीसीआई के अध्यक्ष पद के लिए ही उन्होंने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद अभिषेक डालमिया को नया अध्यक्ष चुना गया था।
अध्यक्ष बनते ही कर दिया बड़ा ऐलान
अध्यक्ष बनने के बाद सौरव गांगुली द्वारा यह वादा किया गया है कि ईडन गार्डन्स में टेस्ट क्रिकेट की जल्द ही वापसी कराई जाएगी। जानकारी दें कि ईडन गार्डन्स में ही रणजी ट्रॉफी के दो मुकाबले कराए जाएंगे, जिनमें बंगाल की टीम उत्तराखंड और गुजरात के खिलाफ खेलेगी। इसके अलावा नवंबर में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट मैच भी इसी मैदान पर खेला जाएगा। ऐसे में दर्शकों की क्षमता को बढ़ाने का निर्णय लिया जा सकता है। बंगाल के ईडन गार्डन्स में पिंक बॉल टेस्ट भी हो चुका है। इसका सफल आयोजन इसे एक बार फिर बड़े मुकाबलों की मेजबानी दिला सकता है।
सौरव गांगुली का कहना है कि यह एक अच्छा टेस्ट होगा क्योंकि साउथ अफ्रीका हाल ही में ऑस्ट्रेलिया को फाइनल में हराकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीत चुका है। हमारे स्टेडियम में सब कुछ मौजूद है अच्छे विकेट, अच्छी सुविधाएं और बुनियादी ढांचा भी मजबूत है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

