अगर साउथ अफ्रीका इतने रनों के अंतर से हारा तो अफगानिस्तान करेगा सेमीफाइनल में प्रवेश, चैंपियंस ट्रॉफी में आज सबसे बड़ा मुकाबला

चैंपियंस ट्रॉफी का एक और मैच बारिश ने रद्द करवा दिया। ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के बीच का महत्वपूर्ण मैच नहीं खेला जा सका, जिसके चलते दोनों टीमों को एक-एक अंक दिए गए। वहीं, अब अफगानिस्तान के लिए सेमीफाइनल में प्रवेश करने का पूरा समीकरण बदल गया है। यहां जानिए साउथ अफ्रीका को कितने अंतर से हारना होगा कि अफगानिस्तान सेमीफाइनल में पहुंच जाए।
अगर साउथ अफ्रीका इतने रनों के अंतर से हारा तो अफगानिस्तान करेगा सेमीफाइनल में प्रवेश, चैंपियंस ट्रॉफी में आज सबसे बड़ा मुकाबला

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की सेमीफाइनल की रेस बेहद रोमांचक हो गई है। बीते दिन ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के बीच खेले जाने वाले मुकाबले में बारिश ने पूरा समीकरण बदल दिया। दरअसल, बारिश के चलते यह मैच रद्द कर दिया गया और दोनों टीमों को एक-एक अंक दिया गया। हालांकि, इस एक अंक के साथ ही ऑस्ट्रेलिया की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई, जबकि अफगानिस्तान के लिए भी संभावनाएं बनी हुई हैं। ऐसे में आज साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच होने वाला मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण बन गया है।

साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान अंक तालिका में समान अंकों के साथ मौजूद हैं, लेकिन साउथ अफ्रीका का नेट रन रेट अफगानिस्तान के मुकाबले काफी बेहतर है। ऐसे में अगर अफगानिस्तान को सेमीफाइनल में प्रवेश करना है, तो आज साउथ अफ्रीका को इंग्लैंड से बड़े अंतर से हारना होगा।

कितने रनों से साउथ अफ्रीका को हारना होगा?

आज साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच होने वाला यह मुकाबला कराची के नेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगा। हालांकि, अफगानिस्तान के लिए सेमीफाइनल की यह रेस बेहद मुश्किल नजर आ रही है। दरअसल, अगर साउथ अफ्रीका इंग्लैंड से 207 रनों के अंतर से हारता है, तो अफगानिस्तान सेमीफाइनल में पहुंच सकता है। यानी अगर इंग्लैंड पहले बल्लेबाजी करते हुए 301 रन बनाता है, तो दक्षिण अफ्रीका की टीम को 94 रनों पर ऑलआउट करना होगा। यदि इंग्लैंड ऐसा करने में कामयाब हो जाता है, तो अफगानिस्तान सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगा। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के हालिया फॉर्म को देखते हुए यह बेहद मुश्किल नजर आ रहा है।

साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड की टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

वहीं, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड की टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें, तो वनडे में अब तक दोनों टीमों ने 70 मुकाबले खेले हैं। इनमें से 34 मैचों में इंग्लैंड ने जीत दर्ज की है, जबकि 30 में साउथ अफ्रीका को कामयाबी मिली है। इसके अलावा, 5 मैच बेनतीजा रहे हैं, जबकि एक मैच टाई हुआ है। वहीं, चैंपियंस ट्रॉफी में दोनों टीमें पांचवीं बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले खेले गए चार मुकाबलों में दो साउथ अफ्रीका ने और दो इंग्लैंड ने जीते हैं। ऐसे में आज की भिड़ंत बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर वाली मानी जा रही है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews