T20 WC 2026 से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव का यू-टर्न, एक महीने में ही बल्लेबाजी क्रम पर बदला अपना बयान

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बल्लेबाजी क्रम को लेकर अपने पुराने बयान से यू-टर्न ले लिया है। एक महीने पहले जिस लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन को उन्होंने 'ओवररेटेड' बताया था, अब उसी रणनीति के तहत खेलने के संकेत दिए हैं।
T20 WC 2026 से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव का यू-टर्न, एक महीने में ही बल्लेबाजी क्रम पर बदला अपना बयान

भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होने वाले ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत में अब कुछ ही हफ्ते बाकी हैं, लेकिन टीम इंडिया का बल्लेबाजी क्रम अभी भी तय नहीं लग रहा है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने महज एक महीने के भीतर ही बल्लेबाजी क्रम को लेकर दिए अपने बयान से यू-टर्न ले लिया है, जिससे टीम की रणनीति को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर टूर्नामेंट में उतर रही भारतीय टीम से उम्मीदें काफी ज्यादा हैं। ऐसे में कप्तान का बदलता हुआ बयान टीम की तैयारियों पर असर डाल सकता है। डेढ़ साल पहले रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने यह खिताब जीता था।

बल्लेबाजी क्रम पर अब क्या बोले कप्तान?

न्यूजीलैंड के खिलाफ 21 जनवरी से शुरू हो रही 5 मैचों की टी20 सीरीज से पहले मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने टीम के कॉम्बिनेशन पर बात की। जब उनसे प्लेइंग इलेवन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि चोटिल तिलक वर्मा की जगह ईशान किशन को नंबर 3 पर मौका मिलेगा।

जब सूर्यकुमार से उनके खुद के बल्लेबाजी क्रम के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि वह नंबर 4 पर उतरेंगे। उन्होंने इसके पीछे की वजह भी बताई।

“मेरे आंकड़े 3 नंबर और 4 नंबर, दोनों पर अच्छे हैं। शायद चौथे नंबर पर थोड़े बेहतर हैं। हम इसको लेकर फ्लेक्सिबल रहना चाहते हैं और अगर दाएं हाथ का बल्लेबाज आउट होता है तो मैं जाऊंगा, नहीं तो बाएं हाथ का (फिट होने पर तिलक वर्मा)।” — सूर्यकुमार यादव

एक महीने पहले दिया था बिल्कुल अलग बयान

यह बयान इसलिए चौंकाने वाला है क्योंकि ठीक एक महीने पहले 21 दिसंबर, 2025 को सूर्यकुमार ने इससे बिल्कुल उलट बात कही थी। टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम की घोषणा के दौरान उन्होंने लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन की रणनीति को ‘ओवररेटेड’ करार दिया था।

यह माना जा रहा था कि हेड कोच गौतम गंभीर हमेशा से लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन के पक्षधर रहे हैं, लेकिन कप्तान की सोच अलग है। तब सूर्यकुमार ने कहा था:

“हम ऐसे पॉइंट पर आ गए हैं, जहां गौती भाई (कोच गंभीर) और मैं महसूस कर रहे हैं कि लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन थोड़ा ओवररेटेड है। अब हमने तय कर लिया है कि तिलक नंबर-3 पर खेलेगा और मैं नंबर-4 पर।” — सूर्यकुमार यादव (21 दिसंबर, 2025)

एक महीने के अंदर कप्तान के बयान में आया यह बदलाव दिखाता है कि टीम मैनेजमेंट वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से पहले अपनी सबसे मजबूत और स्थिर रणनीति की तलाश में है। अब देखना यह होगा कि न्यूजीलैंड सीरीज में टीम इंडिया किस कॉम्बिनेशन के साथ मैदान पर उतरती है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews