
इस समय क्रिकेट की दुनिया में पेट कमिंस और ट्रैविस हेड को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि ऑस्ट्रेलिया के दोनों दिग्गज खिलाड़ियों को एक आईपीएल टीम समूह द्वारा बड़ा प्रस्ताव दिया गया था। हालांकि इस प्रस्ताव को इन खिलाड़ियों ने विनम्रता से ठुकरा दिया और राष्ट्रीय टीम के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्धता दिखाई। रिपोर्ट के मुताबिक ट्रैविस हेड को विशेष रूप से टी20 लीग में खेलने के लिए 10 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर यानी 58.46 करोड़ रुपए के कई वर्षों के कॉन्ट्रैक्ट की पेशकश की गई थी।
न सिर्फ ट्रैविस हेड बल्कि पेट कमिंस को भी इसी तरह के प्रस्ताव सौंपे गए थे। सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक जो प्रस्ताव इन दोनों खिलाड़ियों को दिया गया, वह ऑस्ट्रेलिया बोर्ड के केंद्रीय अनुबंधों के तहत मिलने वाली राशि से लगभग छह गुना ज्यादा था। यह प्रस्ताव इस साल की शुरुआत में आईपीएल समर्थित निवेशकों द्वारा दिया गया था, जो पूर्णकालिक फ्रेंचाइजी टीम बनाने के प्रयास से पेश किया गया था।
कितनी मिलती है ऑस्ट्रेलिया से सैलरी?
दरअसल रिपोर्ट में कहा गया है कि इस साल एक आईपीएल टीम समूह द्वारा दिए गए प्रस्ताव को ऑस्ट्रेलिया के दो दिग्गज खिलाड़ियों ने ठुकरा दिया और राष्ट्रीय टीम के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध दिखाई दिए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के केंद्रीय कॉन्ट्रैक्ट से सालाना लगभग 15 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर यानी लगभग 8.77 करोड़ रुपए कमाते हैं। मगर कप्तान पेट कमिंस की आय न सिर्फ खिलाड़ी के तौर पर बल्कि एक कप्तान के तौर पर भी देखी जाती है। उन्हें सालाना कॉन्ट्रैक्ट के तौर पर और कप्तानी भत्ते सहित 30 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर यानी 17.54 करोड़ रुपए मिलते हैं।
जानिए क्या है पूरा मामला?
इस रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि यह पूरा मामला बिग बैश लीग के संभावित निजीकरण पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और स्टेट ऑर्गेनाइजेशन के साथ खिलाड़ियों के बीच चर्चा के दौरान सामने आया था। इससे साफ होता है कि अब वैश्विक टी20 फ्रेंचाइजी की वित्तीय ताकत और बढ़ रही है। हालांकि ट्रैविस हेड ने यह भी स्वीकार किया कि फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट खेलने से उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट से अलग जीवन जीने की झलक मिली, लेकिन उनका ध्यान ऑस्ट्रेलिया पर ही रहेगा। उन्होंने कहा, “मैं ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल रहा हूं और मुझे ऐसा कोई समय नहीं दिखता जब मैं वास्तव में कुछ और खेल सकूं।”
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

