U19 World Cup 2026: कल भारत और USA के बीच खेला जाएगा मुकाबला, जानें कब और कहां देख सकते हैं मैच

अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 15 जनवरी से हो रहा है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत USA के खिलाफ करेगी। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे से खेला जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स और जियोहॉटस्टार पर होगा।
U19 World Cup 2026: कल भारत और USA के बीच खेला जाएगा मुकाबला, जानें कब और कहां देख सकते हैं मैच

अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 का बिगुल बज चुका है और भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 15 जनवरी को संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के खिलाफ करने जा रही है। यह टूर्नामेंट का पहला दिन होगा, जिसमें कुल तीन मैच खेले जाएंगे। भारतीय टीम को ग्रुप बी में रखा गया है, जहां उसके साथ USA, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश जैसी मजबूत टीमें भी हैं।

यह मुकाबला जिम्बाब्वे के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब, बुलावायो में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार, मैच दोपहर 1:00 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस आधे घंटे पहले यानी 12:30 बजे किया जाएगा। भारतीय टीम की कमान आयुष म्हात्रे के हाथों में है, जबकि USA टीम का नेतृत्व उत्कर्ष श्रीवास्तव करेंगे।

कहां और कैसे देखें लाइव मैच?

क्रिकेट फैंस इस रोमांचक मुकाबले का सीधा प्रसारण टेलीविजन पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर देख सकते हैं। वहीं, अगर आप मोबाइल या लैपटॉप पर मैच देखना चाहते हैं, तो इसकी लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।

इन भारतीय खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें

इस टूर्नामेंट में कई युवा भारतीय सितारे अपनी छाप छोड़ने को बेकरार होंगे। सबसे ज्यादा उम्मीदें वैभव सूर्यवंशी से हैं, जो पहले भी इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। उनके अलावा कप्तान आयुष म्हात्रे, आरोन जॉर्ज और विहान मल्होत्रा की बल्लेबाजी पर भी सभी की निगाहें होंगी। मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप को देखते हुए, अगर भारत पहले बल्लेबाजी करता है तो एक बड़े स्कोर की उम्मीद की जा सकती है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11

भारत U19: आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा (उप-कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, आरोन जॉर्ज, वेदांत त्रिवेदी, आरएस अंबरीश, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), उधव मोहन, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन, खिलान पटेल।

USA U19: उत्कर्ष श्रीवास्तव (कप्तान), अमरिंदर गिल, साहिल गर्ग, ऋषभ सिम्पी, एडनिट झांब, आदित कप्पा, अमोघ आरेपल्ली (विकेटकीपर), अदविथ कृष्णा, रयान ताज, साहिर भाटिया, शिव शानी।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews