
बीते दिन आईपीएल में खेले गए राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबले में सभी की निगाहें वैभव सूर्यवंशी पर टिक गईं। 14 साल के इस युवा बल्लेबाज ने क्रिकेट में वह कर दिखाया जो बड़े-बड़े बल्लेबाजों के लिए भी मुश्किल होता है। वैभव ने आतिशी पारी खेलते हुए कई बड़े रिकॉर्ड तोड़े। वह सूर्यवंशी टी20 क्रिकेट में सबसे तेज शतक ठोकने वाले बल्लेबाजों की सूची में शुमार हो गए। वैभव की शानदार पारी के चलते राजस्थान रॉयल्स की टीम ने 8 विकेट से एकतरफा मैच जीत लिया।
इस खबर में हम आपको आज वैभव सूर्यवंशी के पांच महा रिकॉर्ड्स के बारे में बता रहे हैं जिन्हें वैभव ने हासिल किया है और अब किसी और बल्लेबाज के लिए यहां पहुंच पाना बेहद मुश्किल है। वैभव की यह पारी वाकई बेहद शानदार थी, उन्होंने लंबे-लंबे छक्के जड़े।
सबसे कम गेंद में शतक लगाने का रिकॉर्ड
दरअसल, वैभव सूर्यवंशी आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन चुके हैं। वैसे तो आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है जिन्होंने मात्र 30 गेंदों में शतक लगाया था, लेकिन वैभव सूर्यवंशी अब उनसे पीछे नहीं हैं। वैभव ने मात्र 35 गेंदों में यह शतक लगाया, जिसके चलते वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए।
सबसे कम उम्र में आईपीएल शतक बनाने का रिकॉर्ड
वहीं दूसरा बड़ा रिकॉर्ड बनाते हुए वैभव सूर्यवंशी ने सबसे कम उम्र में आईपीएल का शतक ठोका है। यह रिकॉर्ड अब उनके नाम दर्ज हो गया है। उनकी उम्र मात्र 14 साल 32 दिन है। इस वजह से भी उन्होंने लोगों के बीच चर्चा छेड़ दी है। अब यह रिकॉर्ड सालों साल तक अटूट रह सकता है क्योंकि इतनी कम उम्र में डेब्यू करना और शतक लगाना बेहद बड़ी बात है। बता दें कि बीते दिन वैभव सूर्यवंशी को शानदार प्रदर्शन के चलते मैन ऑफ द मैच भी दिया गया।
सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड
वहीं वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी में 11 छक्के और 7 चौके लगाए। उन्होंने मात्र 35 गेंदों में 101 रन की पारी खेली। इसके चलते एक और रिकॉर्ड उन्होंने बना दिया। दरअसल, अब वह आईपीएल की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बन गए हैं। इससे पहले साल 2010 में मुरली विजय ने 127 रन की पारी खेली थी जिसमें 11 छक्के लगाए थे।
सबसे कम उम्र में प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड
जानकारी दे दें कि वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ दो मैच पहले ही डेब्यू किया है। डेब्यू मैच में उन्होंने पहली गेंद पर सिक्स लगाया था और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करवाया था। हालांकि वह पहली पारी में 50 लगाने से चूक गए थे, वहीं अब तीसरे मैच में उन्होंने यह संभव कर दिखाया है। बता दें कि वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में प्लेयर ऑफ द मैच जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

