उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मिलने पहुंचे विराट कोहली, सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर

विराट कोहली इस समय रणजी ट्रॉफी में दिल्ली बनाम रेलवे के मैच में खेल रहे हैं। दरअसल, विराट कोहली दिल्ली की ओर से खेल रहे हैं। वहीं, इसी दौरान विराट कोहली भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मिलने पहुंचे हैं।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मिलने पहुंचे विराट कोहली, सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर

13 साल के लंबे इंतजार के बाद विराट कोहली एक बार फिर रणजी ट्रॉफी में खेलते हुए दिखाई दे रहे हैं। विराट कोहली अपनी घरेलू टीम दिल्ली की ओर से रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन के दूसरे चरण में खेल रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनकी एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें वह भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात कर रहे हैं। इस मुलाकात के दौरान विराट कोहली के साथ बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला भी नजर आ रहे हैं।

दरअसल, इस तस्वीर को बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया था, जिसके बाद यह तस्वीर तेजी से वायरल हो गई। क्रिकेट फैंस को विराट कोहली और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की यह मुलाकात बेहद पसंद आ रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर

इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने लिखा, “भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मिलकर बहुत अच्छा लगा, मेरे साथ विराट कोहली भी थे।” आपको बता दें कि विराट कोहली लंबे समय बाद रणजी ट्रॉफी में वापसी कर रहे हैं। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में विराट कोहली को देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। भीड़ को देखते हुए डीडीसीए ने सुरक्षा के लिए पैरामिलिट्री फोर्स का सहारा लिया। हालांकि, जितने दर्शक स्टेडियम में मौजूद थे, उससे ज्यादा दर्शक स्टेडियम के बाहर अंदर जाने की प्रतीक्षा कर रहे थे। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि विराट कोहली को देखने के लिए फैंस कितने उत्सुक हैं।

आज देखने को मिलेगी विराट कोहली बल्लेबाजी

दिल्ली और रेलवे के बीच खेले जा रहे इस मुकाबले में रेलवे की पहली पारी 241 रनों पर सिमट गई। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक दिल्ली की टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 41 रन बना लिए थे। हालांकि, पहले दिन दर्शकों को विराट कोहली की बल्लेबाजी देखने का मौका नहीं मिला। इसी बीच, विराट कोहली उपराष्ट्रपति से मिलने पहुंचे थे। हालांकि, दूसरे दिन दर्शकों को विराट कोहली की बैटिंग देखने को मिल सकती है और फैंस बेसब्री से इसका इंतजार कर रहे हैं।बीते दिन, विराट कोहली से मिलने के लिए एक फैन सुरक्षा घेरे को तोड़कर मैदान में पहुंच गया था। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों ने कुछ ही देर में उसे मैदान से बाहर कर दिया था।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews